यू मुंबा के हुए स्टार हिमाचली डिफेंडर रोहित राणा

By: Jul 20th, 2018 12:05 am

प्रो-कबड्डी के छठे सीजन में कांगड़ा के होनहार नई टीम को जिताने के लिए तैयार

बीबीएन— देश के नामी कबड्डी प्लेयर रोहित राणा इस बार यू मुंबा टीम का हिस्सा बने हैं। हिमाचल के कांगड़ा जिला के तियारा गांव के रहने वाले रोहित लेफ्ट कवर डिफेंडर पोजीशन पर खेलते हैं। वह इससे पहले जयपुर पिंक पैंथर्स और अन्य टीम से प्रो-कबड्डी में खेल चुके हैं। उनके अलावा इस टीम में नालागढ़ से शिवम और ऊना के सुरेंद्र भी मैदान में दमखम दिखाएंगे। राणा के प्रशंसक जहां उनकी नई टीम में एंट्री को लेकर खुश है, वहीं वह खुद भी उत्साहित है। बकौल राणा प्रो-कबड्डी के छठे सीजन में टीम को विजेता बनाना उनका लक्ष्य है, और  इसे उनकी पूरी टीम जी जान लगाकर हासिल करेंगी।  राणा ने ‘दिव्य हिमाचल’ से कहा कि उनकी कामयाबी में उनके परिजनों का विशेष सहयोग रहा है। वे हमेशा मेरा हौसला बढ़ाते रहे है, साथ ही हिमाचल के खेल प्रेमियों का प्यार भी उन्हें प्रोत्साहित करता है।

रोजाना 10 घंटे मैदान में बहाते हैं पसीना

रोहित राणा इन दिनों नासिक में हैं। वह रोजाना 10 घंटे मैदान में बिता रहे हैं। इनमें तीन घंटे तो जिम में निकल रहे हैं। कुछ बरस पहले उन्हें चोट भी लगी थी, उससे उबर कर कांगड़ा का यह गबरू अब एक बार फिर से धमाल मचाने को तैयार है। यानी की इस सीजन में राणा और भी ज्यादा आक्रामक तरीके से रेडरों को दबोचते हुए दिखेंगे।

फैंस का थैंक्स

रोहित राणा ने ‘दिव्य हिमाचल’ से फोन पर बातचीत में बताया कि उन्हें हमेशा हिमाचल से लाखों फैंस का प्यार मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी उन्हें लोगों का खूब सपोर्ट मिलेगा। वह प्रो-कबड्डी लीग के बाद हिमाचल आएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App