रेप-आतंकवाद को मुस्लिमों की बढ़ती आबादी जिम्मेदार

By: Jul 28th, 2018 12:02 am

भाजपा सांसद के विवादित बोल

अंबेडकरनगर— यूपी के अंबेडकरनगर से भाजपा सांसद हरिओम पांडेय ने मुस्लिम समाज को लेकर एक विवादित बयान दिया है। पांडेय ने कहा है कि देश में रेप और आतंकवाद की बढ़ती घटनाओं के लिए मुस्लिमों की बढ़ती आबादी जिम्मेदार है। इसके साथ ही सांसद ने यह भी आशंका जताई है कि आने वाले समय में मुस्लिमों की बढ़ती आबादी पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पाकिस्तान की तरह एक नया देश भारत में आकार ले लेगा। मुस्लिम समाज के खिलाफ विवादित बयान देते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि मुस्लिम तीन-चार शादी करते हैं। नौ-दस बच्चे पैदा करते हैं। उनके बच्चे कोई शिक्षा प्राप्त नहीं करते हैं और बेरोजगार मर जाते हैं। यह निश्चित तौर पर अराजकता को बढ़ावा देगा। लगातार उनकी आबादी बढ़ रही है। अब वे शरीया की मांग करने लगे हैं और बाद में नए पाकिस्तान की मांग करेंगे। इस दौरान भाजपा सांसद ने जनसंख्या वृद्धि रोकने के लिए संसद में कानून लाए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि रेप, छेड़खानी और आतंकवाद जैसी घटनाओं के पीछे मुस्लिमों की बढ़ती आबादी है। आजादी के बाद से मुस्लिमों की आबादी लगातार बढ़ी है। अगर समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगा तो देश में अराजकता की स्थिति पैदा होगी। देश को एक और खौफनाक बंटवारे से बचाने के लिए जनसंख्या वृद्धि के खिलाफ कानून जरूरी है। बता दें कि गत बुधवार को एक विवादित बयान में भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा था कि हिंदुओं की आबादी बढ़नी चाहिए, इसके लिए जरूरी है कि सभी हिंदू कम से कम पांच बच्चे पैदा करें। उन्होंने कहा कि हर महंत की इच्छा है कि हर हिंदू कम से कम पांच बच्चे पैदा करे तो भारतीय ताकत बनी रहेगी। हिंदोस्तान में हिंदुत्व बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App