रोहतांग टनल अगले नवंबर जनता के हवाले

By: Jul 28th, 2018 12:04 am

मनाली— सामरिक दृष्टि से अति महत्त्वपूर्ण रोहतांग टनल नवंबर, 2019 तक बनकर तैयार होगी और इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। रोहतांग टनल का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि जल्द ही मनाली-लेह सड़क पर स्थित बारालाचा, तांगलांगला, लाचुंगला में भी टनल बनाई जाएगी। इन टनल को शुरू करने के लिए भी जल्द सर्वे किया जाएगा। हालांकि इस टनल का निरीक्षण केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री द्वारा किया जाना था, लेकिन मौसम की खराबी के कारण उनका दौरा रद्द हो गया। मौसम साफ  होते ही वे दोबारा मनाली आएंगे और टनल का निरीक्षण करेंगे।  मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतांग टनल सबसे ऊंचाई पर बनने वाली देश की पहली टनल है। टनल निर्माण में सेरी नाला ने काफी अवरोध पैदा किया, नहीं तो चार साल पहले ही टनल बनकर तैयार हो जाती। सेरी नाला में 600 मीटर तक पानी का रिसाव रोकने में चार साल का समय लग गया था। बीआरओ की टीम ने तकनीकी रूप से काम किया है, जो देश मे पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने खुद यहां आने की इच्छा जताई है और जल्द वह यहां आएंगे।

ट्रकों की हड़ताल का जल्द निकालेंगे हल

मनाली — ट्रकों की हड़ताल के चलते सेब सीजन पर संकट मंडरा गया है। हड़ताल अगर लंबे समय तक बहाल नहीं हो पाई तो सरकार को इसका विकल्प देखना पड़ेगा। यह बात मनाली पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। हिमाचल में सेब सीजन के साथ-साथ सब्जियों का सीजन भी चरम पर है। लिहाजा, सरकार की यह कोशिश रहेगी कि ट्रक आपरेटरों की हड़ताल का जल्द से जल्द हल निकाला जाए।  उन्होंने कहा कि सेब सीजन को लेकर सरकार ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अगर ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल लंबे समय तक जारी रहती है तो बागबानों को राहत पहुंचाने का एक विकल्प सरकार जरूर तलाशेगी।

मौसम ने रोके गडकरी

मनाली— प्रदेश के खराब मौसम ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का उड़नखटोला रोक दिया है। हालांकि मनाली में केंद्रीय मंत्री स्वागत के लिए इंतजाम कर रखे थे, लेकिन मौसम ने तमाम इंतजामों पर पानी फेर दिया और मनालीवासियों की उम्मीदें भी धरी की धरी रह गईं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App