लोकसभा चुनाव को भाजपा-कांग्रेस में ‘डील’ की चर्चा

By: Jul 17th, 2018 12:20 am

आप कांगड़ा दो, हम आपको हमीरपुर देंगे

हमीरपुर – प्रदेश में  2019 का लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस और भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।  भाजपा 2014 की भांति इस बार भी चारों सीटें कब्जाने के लिए मिशन रिपीट की रणनीति बनाने में लगी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के पिछले दिनों हिमाचल दौरों में सबका एक साथ एक मंच में  दिखना और एक-दूसरे की शान में कासीदे पढ़ना इस बात के साफ संकेत दे रहा है कि भाजपा  इस वक्त संगठित  होना चाहती है। उधर, इस बार प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर फतह हासिल करने के लिए कांग्रेस हाईकमान भी जोर आजमाइश करने के मूड में है।  प्रदेश  कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल इन दिनों हिमाचल के दौरे पर हैं।  इस सारी फिल्म में कुछ  किरदार एक सीन डील का भी डालने की जुगत में हैं। यह सीन कांगड़ा-चंबा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में फिल्माया जाने की सूचना है। दोनों संसदीय क्षेत्रों से आ रही सियासी फिजाएं ये सदाएं दे रही हैं कि कांगड़ा संसदीय सीट और हमीरपुर संसदीय सीट को लेकर कांग्रेस के दो बड़े नेताओं ने भाजपा के एक गुट के साथ मुलाकात कर भितरखाते एक सौदेबाजी की है। इस डील के मुताबिक हमीरपुर संसदीय सीट पर कांग्रेस एक ऐसे प्रत्याशी को लोकसभा चुनाव में टिकट देने की वकालत करेगी जो एक तो कमजोर होगा और राजपूत बाहुल इस क्षेत्र में जातीय आधार पर भी फिट नहीं बैठेगा। इससे फायदा  यह होगा कि भाजपा के प्रत्याशी को यहां जीत सुनिश्चित करने से कोई नहीं रोक पाएगा।  उधर, इसके एवज में कांगड़ा संसदीय सीट पर लोकसभा चुनाव में डील में शामिल नेता को टिकट दिलवाई जाएगी और भाजपा का शांता विरोधी खेमा उसकी भीतर खाते मदद करेगा। सूत्रों के अनुसार इस डील में कांगड़ा जिला से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के वे वरिष्ठ नेता शामिल हैं, जिन्होंने विधानसभा चुनावों से पूर्व दिल्ली में भाजपा हाईकमान से मिलकर भाजपा टिकट के लिए जद्दोजहद की थी। उनके साथ कांग्रेस के वे नेता थे, जिन्हें हमीरपुर में भाजपा की बी टीम भी कहा जाता है। जिनके साथ मुलाकात की है, वे भाजपा के एक कद्दावर नेता हैं।

इस बार महिला प्रत्याशी भी उतारेगी भाजपा

भाजपा के सूत्रों से मिल रही खबरों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में भाजपा इस बार 4 सीटों में से दो पर अपना प्रत्याशी बदल सकती है। इनमें एक सीट पर तो महिला प्रत्याशी का होना पक्का माना जा रहा है। हां, कांग्रेस इस बार लोस चुनावों में प्रदेश की चारों सीटों पर किन प्रत्याशियों पर दांव खेलेगी, यह अभी रहस्य बना हुआ है। आल इंडिया कांग्रेस कमेटी भले ही खुद को केंद्र की सत्ता पर विराजमान करने के सपने संजो रही है लेकिन हिमाचल में कांग्रेस के जो मौजूदा हालात हैं वो बताते हैं कि यहां केंद्र से किसी को कुछ लेना-देना नहीं सिर्फ खुद को स्थापित करना है फिर चाहे जो भी करना पड़ जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App