संजीव कश्यप बने मंडी समिति सोलन के चेयरमैन

By: Jul 14th, 2018 12:10 am

सोलन —मिनी सचिवालय के सभागार में शुक्रवार को कृषि उपज एवं मंडी समिति के चेयरमैन का चयन किया गया। सरकार की ओर से बनाई गई कमेटी द्वारा बैठक कर सर्वसम्मति से चेयरमैन चुना गया। बैठक डीसी विनोद कुमार की अध्यक्षता में हुई। करीब 10 मिनट चली इस बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व सहकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल के चहेते संजीव कश्यप के नाम पर मुहर लगाई गई। कमेटी के वरिष्ठ सदस्य पद्म पुंडीर ने संजीव कश्यप के नाम का प्रस्ताव कमेटी के समक्ष रखा। इसके बाद कमेटी के सभी सदस्यों से राय ली गई। तत्पश्चात सभी सदस्यों ने संजीव कश्यप के नाम पर सहमति जताई। डीसी विनोद कुमार चेयरमैन के नाम की घोषणा की। इस मौके पर कृषि उपज मंडी समिति के सचिव प्रकाश कश्यप भी मौजूद रहे। चेयरमैन के नाम की घोषणा होने के बाद उपस्थित पार्टी से संबंधित कार्यकर्ताओं में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष बनने पर फूलमालाएं पहनाकर बधाई दी। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री व सहकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने संजीव कश्यप को बधाई दी व कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App