सोलंकी प्रदेश के कार्यवाहक राज्यपाल

By: Jul 17th, 2018 12:20 am

अतिरिक्त कार्यभार की आज लेंगे शपथ, अमरीका गए आचार्य देवव्रत

शिमला -हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी अब हिमाचल प्रदेश के भी राज्यपाल होंगे। वह हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार देखेंगे। कप्तान सिंह सोलंकी राज्यपाल पद की शपथ लेने के लिए शिमला पहुंच गए हैं।  प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत अपनी निजी यात्रा पर अमरीका जा रहे हैं, जो सोमवार को सुबह 10 बजे शिमला से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना हुए। वह कुरूक्षेत्र से दिल्ली जाएंगे और वहां से अमरीका के लिए रवाना होंगे। कप्तान सिंह सोलंकी सड़क मार्ग से सोमवार शाम 7 बजे शिमला पहुंचे। वह अपनी धर्मपत्नी के साथ यहां आए हैं। राजभवन पहुंचने पर अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंगलवार को दोपहर एक बजे उनका शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में रखा गया है जहां पर प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायधीश संजय करोल उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजभवन से मिली जानकारी के अनुसार  कप्तान सिंह सोलंकी यहां दो-तीन दिन तक रुकेंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर शिमला में मौजूद नहीं रहेंगे, जिनकी गैरहाजिरी में मिनीस्टर इन वेटिंग को यहां तैनात किया गया है। सोलंकी के यहां रुकने के दौरान मुख्यमंत्री भी बुधवार तक दिल्ली से वापस शिमला लौट आएंगे, जिनकी फिर राज्यपाल से मुलाकात होगी। आचार्य देवव्रत दो अगस्त तक प्रदेश से बाहर हैं जिनके बाद यहां कप्तान सिंह सोलंकी राजभवन का कामकाज देखेंगे। राज्यपाल के शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार के सभी अधिकारी व सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App