स्कूली बच्चें संग मिलकर रोपेंगे हरियाली

By: Jul 15th, 2018 12:05 am

भालका में पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान बोले विधायक, अभियान अभी खत्म नहीं

चंबा  – वन मंडल चंबा के तहत वन परिक्षेत्र भालका में शनिवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चंबा सदर के विधायक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यातिथि विधायक पवन नैयर ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। वन संपदा की रक्षा करने, जैव विविधता एवं नदियों के संरक्षण ओर प्रदूषण से मुक्ति के लिए यह आवश्यक हैं कि सभी अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। पर्यावरण का संरक्षण समाज के जागरूक वर्ग का उत्तरदायित्व है। जिसे सभी को समझना होगा। विधायक ने कहा कि पेड़ के बिना जीवन ही संभव नहीं है। पेड़ों से हमें छाया, फलए फूल, लकड़ी जैसे महत्वपूर्ण आवश्यक वस्तुएं प्राप्त होती हैं। जो मनुष्य के जीवन में काम में आती है। साथ ही वृक्षारोपण करने से वातावरण प्रदूषित नहीं होता है। विधायक ने कहा कि कोलका. जटकरी सड़क को साढ़े तीन करोड़ की धनराशि से पक्का किया जाएगा। जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है व जल्द ही कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इससे पूर्व चंबा की जनता को आज तक मात्र आश्वासन ही मिले हैं। लेकिन अब जमीनी स्तर पर कार्य होगा। विधायक ने सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का भी आभार प्रकट किया। नैयर ने कहा कि जिले भर में अब तक करीब ढाई लाख  पौधे रोपित किए जा चुके हैं जबकि पूरे प्रदेश में यह आंकड़ा 15 लाख से पार हो चुका है। यह अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है अब स्कूली बच्चों के साथ मिलकर भी पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने जंगलों में आग ना लगाने का लोगों से आह्वान भी किया। इससे न केवल वन संपदा को नुकसान पहुंचता है अपितु वनों में रह रहे जीव जंतुओं का अस्तित्व खतरे में पड़ जाता है। इस अवसर पर वन विभाग के मुख्य अरण्यपाल ओपी सोलंकी ने कहा कि पेड़ों से मौसम का बदलाव सही समय से होता है। प्रत्येक व्यक्ति का उद्देश्य होना चाहिए कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर प्रकृति को सुंदर बनाने में सहयोग करें। यदि सभी लोग यह प्रण लें कि अपने जीवन में भरपूर वृक्ष लगाकर जीवन पर्यन्त उसकी रक्षा करेंगे तो भारत के पर्यावरण संतुलन को कोई ताकत खराब नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते औद्योगिक और व्यवसायीकरण के युग में दिन प्रतिदिन हर जगह नई. नई फैक्ट्रियां लग रही हैं। इससे की ज्यादा से ज्यादा उत्पादन किया जा सकें। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि लोगों को घर तथा बाहर जहां जगह हो वहां पर कम से कम एक व्यक्ति एक वृक्ष जरूर लगाएं। इस अवसर पर जसवीर नागपाल, पूरू मुनेंद्र सिंह, धीरज नरयाल, संजीव सूरी, जितेंद्र सूर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App