हिमाचल की सियासी राजधानी बनी दिल्ली

By: Jul 17th, 2018 12:07 am

बोर्ड-निगमों में ताजपोशी का प्रस्ताव लेकर केंद्र पहुंचे सरकार-संगठन

शिमला — हिमाचल सरकार और भाजपा संगठन केंद्रीय हाईकमान से मंत्रणा के लिए दिल्ली पहुंच गया है। इससे राज्य सरकार के बोर्ड-निगमों में ताजपोशी की चर्चा शुरू हो गई है। इसके अलावा परफार्मेंस के आधार पर मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल पर हाईकमान से मंत्रणा संभव है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और संगठन महामंत्री पवन राणा सहित दिल्ली पहुंचे हैं। वहां हिमाचल के मसलों पर राज्य के पार्टी प्रभारी मंगल पांडे के साथ बैठक होगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर हिमाचल के नेशनल हाई-वे और फोरलेन मार्गों पर बैठक करेंगे। इसके बाद सरकार और संगठन की अमित शाह से मीटिंग प्रस्तावित है। हालांकि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की व्यस्तता के चलते अभी तक मुलाकात का समय नहीं मिल पाया है। केंद्रीय योजनाओं पर मुख्यमंत्री चर्चा के लिए अपने साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं प्रधान सचिव श्रीकांत बाल्दी को साथ ले गए हैं। इसके अलावा अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग एवं राजस्व मनीषा नंदा दिल्ली में मौजूद हैं। पुख्ता सूचना के अनुसार केंद्रीय योजनाओं पर मंत्रालयों का रुख करने के बाद मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से लटके बोर्ड-निगमों की ताजपोशी पर केंद्रीय हाईकमान की सहमति लेंगे। राज्य में अधिकतर बोर्ड-कारपोरेशन में चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के पद खाली पड़े हैं। लोकसभा चुनावों से ठीक पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को एडजस्ट करने के लिए सरकार ने ऐन मौके पर ताजपोशी की संभावना जताई है। इसी के चलते रविवार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास में सरकार और संगठन के सुर मिले हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सतपाल सत्ती और पवन राणा ने ओकओवर में लंबी चर्चा के बाद मालरोड पर चाय की चुस्कियां ली थीं। इस दौरान भी हल्के मूड में चर्चा का केंद्र संगठन रहा था। रविवार को निर्धारित हुए कार्यक्रम के तहत सोमवार को सरकार और संगठन एक साथ दिल्ली पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार शिमला में ही संभावित चेयरमैन-वाईस चेयरमैन की सूची तैयार कर ली गई है। मुख्यमंत्री ताजपोशी से पहले केंद्रीय हाईकमान से सूची पर मुहर लगवाना चाहते हैं। इसी के चलते पार्टी मुखिया और महामंत्री को साथ लेकर सीएम दिल्ली पहुंचे हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री अपने कुछ वजीरों के विभागों की कार्यप्रणाली से नाखुश हैं। लिहाजा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल करने पर भी दिल्ली में चर्चा संभव है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App