अलविदा अटल…भारत मां ने खो दिया महान सपूत

By: Aug 18th, 2018 12:05 am

गगरेट —पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शुक्रवार को भाजपा मंडल गगरेट द्वारा लोक निर्माण विभाग के गगरेट स्थित विश्राम गृह में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन कर अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनि श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गगरेट कस्बे के व्यापारियों ने आधा दिन उनके निधन के शोक में अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रख उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा मंडल द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में भाजपा नेताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की। विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि अतीव दुख का विषय है कि भारत मां ने एक महान सपूत खो दिया। अटल जी का जीवन खुली किताब की तरह रहा है। उन्होंने सत्ता से ज्यादा देश को सर्वोच्च समझा और देश की एकता व अखंडता के लिए सदैव प्रयासरत रहे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसी शख्सियत थे जिनका आदर विपक्ष भी करता था। इससे पहले भाजपा मंडल अध्यक्ष राम मूर्ति शर्मा ने कहा कि देश को परमाणु शक्ति बनाने वाले अटल बिहारी वाजपेयी के इरादे भी सदा अटल रहे और उन्होंने देश को ऊंचाइयों पर पहुंचाने की जो राह दिखाई है उसका अनुसरण करने की आज हर किसी को जरूरत है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डा. श्याम वर्मा, महामंत्री संदेश डोगरा, महिला मोर्चा अध्यक्षा कुसुम लता, बीडीसी अध्यक्षा सुमन भट्टी, मीडिया प्रभारी राकेश जसवाल, शिव दयाल, सुरेश ठाकुर सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर भाजपा मंडल गगरेट द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रदेश कांग्रेस सेवादल की मुख्य महिला संगठक सरोज शर्मा ने भी शिरकत की। हालांकि कांग्रेस की ओर से कोई भी नेता इस श्रद्धांजलि समारोह में शिरकत करने नहीं आया लेकिन जिस प्रकार दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर सरोज शर्मा पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने पहुंची उसकी भाजपा खेमे में भी दबी जुवान मेें प्रशंसा हुई। जाहिर है कि आज के दौर  में राजनीतिक दल भी इस कद्र कट्टरता की जड़ से बंध गए हैं कि एक-दूसरे के सुख-दुख में शरीक होना भी मुनासिब नहीं समझ रहे लेकिन जिस प्रकार सरोज शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन को इस देश के लिए अपूर्णीय क्षति करार देते हुए उन्हें सार्वजनिक तौर पर श्रद्धांजलि अर्पित की, वह पार्टी से बंधे लोगों की आंखें खोलने के लिए काफी है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App