आजादी के बाद भी मूलभूत सुविधा से वंचित लोग

By: Aug 15th, 2018 12:05 am

आजादी किसे अच्छी नहीं लगती, सभी खुली हवा में जीना चाहते हैं। आज हर भारतीय आजाद देश के नागरिक हैं और सभी को अपनी मर्जी से रहने और खाने का अधिकार है, जो वर्ष 1947 से पहले नहीं था। कड़े संघर्ष के बाद मिली आजादी के आज हमारे लिए क्या मायने हैं इस बारे में प्रदेश के नंबर वन मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ ने युवाओं की राय जानी तो जुखाला के युवाओं ने अपने विचार यूं साझा किए।

युवाओं को मिले रोजगार

स्याहुला के विक्रम ठाकुर का कहना है कि भले ही हमारे देश को आजाद हुए 69 वर्ष पूरे हो गए हों पर आज भी यहां युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं है। हमारे देश में रोजगार आधारित शिक्षा नहीं है। प्रदेश सरकार को चाहिए कि प्रदेश में ही युवाओं को रोजगार आधारित शिक्षा दी जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं हो सुधार

मार्कंडेय के चैतन्य शर्मा का कहना है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में बहुत सुधार की जरूरत है। देश को आजाद हुए 69 वर्ष का समय हो गया है पर अभी तक प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। प्रदेश सरकार को स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुत काम करने की जरूरत है।

जरूरतमंदों को मिलें सुविधाएं

रिडी के अंकुर ठाकुर का कहना है कि समाज के उथान के लिए सरकार ने बहुत सारी योजनाएं चलाई हैं। पर हकीकत में ये योजनाएं जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रही हैं और इन योजनाओं का पहले से ही संपन्न परिवार फायदा उठा रहे हैं। आजादी के 69 वर्ष बाद भी यह योजनाएं जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रही हैं।

पर्यटन को बढ़ावा दे सरकार

जुखाला के विक्रम ठाकुर का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावना है। पर सरकार इस तरफ  ध्यान नहीं दे रही है। प्रदेश में यदि पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर कार्य किए जाए, तो यहां पर पर्यटकों की संख्या में काफी इजाफा होगा, जिससे यहां पर पर्यटन का अच्छा कारोबार चल सकता है।

किसानों-बागबानों का हो रहा शोषण

स्याहुला के मनोज पराशर का कहना है कि देश को आजाद हुए बेशक 69 वर्ष का समय हो चुका हो पर आज भी इस देश के किसानों और बागबानों का शोषण हो रहा है। किसानों और बागबानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रबंध नहीं किए गए हैं, जिसकी बजह से किसानों को अपने उत्पाद बाहरी राज्य में बेचने पड़ रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App