इंडोनेशिया के जकार्ता में दम दिखाएंगी शिलाई की बेटियां

By: Aug 16th, 2018 12:05 am

 शिलाई —इंडोनेशिया के जकार्ता में 18 अगस्त से होने जा रही 18वीं एशियन गेम्स में शिलाई की दो बेटियां प्रियंका नेगी व रितू नेगी अपना दम दिखाएंगी। भारतीय महिला कबड्डी टीम में शिलाई की इन दोनों बेटियों के चयन से शिलाई ही नहीं बल्कि पूरे हिमाचल के साथ हर सिरमौर वासी गदगद है। सिरमौर वासियों ने प्रियंका नेगी व रितु नेगी तथा कुल्लू की कविता ठाकुर सहित भारतीय महिला कबड्डी टीम को बधाई देकर जकार्ता से भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने का आशीर्वाद दिया। प्रियंका नेगी के पिता कंवर सिंह नेगी, माता सुनीता नेगी तथा रितू नेगी के पिता भवान सिंह नेगी व माता पूर्णिमा नेगी ने ‘दिव्य हिमाचल’ से की बातचीत के दौरान कहा है कि वह अपने कुल व ईष्ट देवता से अरदास करते हैं कि भारतीय महिला कबड्डी टीम भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते। खुशी प्रकट करते हुए दोनों परिजनों ने कहा कि जिस दिन भारतीय भारतीय महिला कबड्डी टीम का मैच होगा। उन्होंने कहा कि यह उनकी ही नहीं अपितु पूरे भारत की बेटियां हैं। परशुराम अवार्ड से अलंकृत प्रियंका नेगी हिमाचल पुलिस में कार्यरत है, जबकि हिमाचल गौरव से सम्मानित रितू नेगी सिकंदराबाद रेलवे में कार्यरत हैं। 15 अगस्त को भारत की टीम नई दिल्ली पालम हवाई अड्डे से जकार्ता के लिए उड़ान भरेगी। दोनों परिजनों के घर में बधाई देने वालों का तांता लगा है। हर व्यक्ति की जुबान से एक ही बात निकल रही है कि बेटी हो तो ऐसी। स्थानीय विधायक हर्षवर्धन चौहान, जिला परिषद चेयरमैन दलीप सिंह चौहान, सदस्य प्रताप सिंह तोमर, पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर, पंचायत समिति की चेयरमैन रेणुबाला, रणजीत सिंह नेगी, सिरमौर कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव ग्यार सिंह नेगी सहित समूचे गिरिपार वासियों ने दोनों बेटियों को बधाई दी। पूरे गिरिपार क्षेत्र में खुशी की लहर है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App