एशियन गेम्स में दो हिमाचली रैफरी

By: Aug 16th, 2018 12:06 am

धर्मशाला, शिमला— इंडोनेशिया के जकार्ता में होनी जा रही 18वीं एशियन गेम्स में दो हिमाचल रैफरी सिलेक्ट हुए हैं। जी हां, बिलासपुर के कृष्ण लाल एशियन गेम्स की कबड्डी में अपने निर्णय देंगे तो वहीं वॉलीबाल में रोहड्ू के रामेश्वर चौहान अंपायर की भूमिका निभाएंगे। पहली बार एशियन गेम्स में कोई हिमाचली बतौर रैफरी अपनी सेवाएं देंगे। बिलासपुर के कृष्ण लाल को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया द्वारा 18वीं एशियन गेम्स इंडोनेशिया जकार्ता-2018 के लिए ऑफिशियल अंपायर के रूप में चुना गया। इससे पहले कृष्ण प्रो-कबड्डी के छह सीजन, वर्ल्ड कप कबड्डी सहित सीनियर-जूनियर नेशनल फाइनल मुकाबले के मुख्य अंपायर की सफलता से भूमिका निभा चुके हैं। प्रदेश के बिलासपुर जिला के तरेड़ गांव से संबंध रखने वाले कृष्ण लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनोह में पीईटी के पद पर सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इसके साथ ही वह प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन में बतौर तकनीकी अध्यक्ष जुड़े हैं। कृष्ण लाल प्रो-कबड्डी के छह सीजन में जबरदस्त अंपायरिंग कर चुके हैं। सातवें संस्करण में भी मुख्य अंपायर के रूप में नजर आएंगे। कृष्ण ने कबड्डी वर्ल्ड कप में भी अंपायरिंग की है। कृष्ण लाल जकार्ता के लिए 18 अगस्त को रवाना होंगे, वहीं  रोहड़ू के शरोग गांव के रामेश्वर चौहान वॉलीबाल प्रतियोगिता में बतौर रैफरी सेवाएं देंगे। उल्लेखनीय है कि रामेश्वर इससे पहले एशियन यूथ प्रतियोगिता तेहरान, वीसी कैंप कजाकिस्तान, वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। रामेश्वरी 2008 से विश्व वॉलीबाल संघ द्वारा आयोजित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रैफरी की भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में रामेश्वर राज्य विद्युत बोर्ड में कार्यरत है। एशियन खेलों में रैफरी चुनने के लिए अखिल भारतीय वॉलीबाल फेडरेशन के पूर्व संयुक्त सचिव एचसी पथिक व अंतरराष्ट्रीय वालीबाल कोच प्रीतम चौहान ने रामेश्वर चौहान को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App