एशियन गेम्स में वालीबाल खेलेंगे हिमाचल के पंकज

By: Aug 13th, 2018 12:07 am

मंडी – हिमाचल प्रदेश के रोहडू क्षेत्र के पंकज शर्मा का चयन एशियन गेम्स में भाग लेने जकार्ता (इंडोनेशिया) जा रही भारतीय वालीबाल टीम में हुआ है। वह यह मौका पाने वाले हिमाचल के एकमात्र वालीबाल खिलाड़ी हैं। इन दिनों पंकज शर्मा पटियाला में चल रहे भारतीय टीम के कोचिंग कैंप में भाग ले रहे हैं। आर्मी में नौकरी के साथ-साथ खेल की दुनिया में पंकज शर्मा ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। आर्मी में सेवाएं देने के साथ-साथ पंकज ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन के साथ पहचान बनाई है। बता दें कि रोहडू क्षेत्र के फरुनकोठी गांव के पंकज शर्मा के पिता का नाम प्रकाश चंद व माता का नाम प्रभा शर्मा है। पंकज शर्मा बचपन से ही खेल स्पर्धाओं में रुचि रखते थे। इसके चलते उन्होंने  वर्ष 2006 से वालीबाल खेलना शुरू किया। वर्ष 2007  में पंकज का चयन रोहडू स्पोर्ट्स होस्टल के लिए हुआ। इस दौरान पंकज शर्मा को कोच दविंद्र चौहान और विक्रम से खेल के गुर सीखने को मिले। वर्ष 2010 में पंकज का चयन भारतीय टीम के लिए हुआ। भारतीय टीम की ओर से पहली बार पंकज ने ईरान में आयोजित एशियन यूथ चैंपियनशीप में भाग लिया। इसके उपरांत वर्ष 2012 में आर्मी एशियन स्पोर्ट्स मीट काठमांडू में खेली गई। वहीं, वर्ष 2013 में सीनियर एशियन स्पर्धा दुबई में और चाइना चैलेंजर कप में उन्होंने भाग लिया। एशियन गेम्स में उनका चयन होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पंकज शर्मा ने एशियन गेम्स में चयन होने का श्रेय दोनों कोच और अपने माता-पिता को दिया है। उन्होंने बताया कि इन सभी ने उन्हें स्पर्धा में आगे बढ़ने के लिए हमेशा हौसला दिया है, जिसके चलते वह आज इस मुकाम पर पहुंचे है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App