कल नवाजे जाएंगे खिलाड़ी

By: Aug 14th, 2018 12:02 am

चंडीगढ़— हरियाणा के राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता खिलाडि़यों के विरोध के चलते राज्य स्तरीय समारोह टाल चुकी सरकार अब अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को संयुक्त समारोह में पुरस्कार प्रदान करेगी। स्वतंत्रता दिवस पर हर जिले में होने वाले समारोह में खिलाडि़यों को सम्मानित किया जाएगा। पूरे प्रदेश में 15 अगस्त को 1140 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाडि़यों तथा प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा के खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों में राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा राज्य सरकार के मंत्री भागीदारी करेंगे। इस दौरान खिलाडि़यों को 36 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर बतौर मुख्यातिथि मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो खिलाडि़यों को सम्मानित करेंगे। हरियाणा सरकार पहले यह पुरस्कार राशि काटकर देने वाली थी, लेकिन खिलाडि़यों के विरोध के चलते सरकार ने यूटर्न लिया और खिलाडि़यों को पूरी राशि देने का निर्णय किया है। अनिल विज के अनुसार 15 अगस्त को ही 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पदक जीतने वाले हरियाणा के 22 खिलाडि़यों को 21.50 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। पांच प्रतिभागी खिलाडि़यों को 37.50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा वर्ष 2016-17 में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता 61 खिलाडि़यों को 3.53 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विज ने कहा कि वर्ष 2016-17 के राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता एवं प्रतिभागी 1050 खिलाडि़यों को 10.46 करोड़ रुपए की राशि वितरित की जाएगी। विज के अनुसार, वर्ष 2014 से वर्ष 2017 तक 7471 खिलाडि़यों को 176.21 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014-15 में 1786 खिलाडिय़ों को 29.67 करोड़ रुपए की राशि वितरित की गई, जबकि वर्ष 2015-16 में 3579 खिलाडि़यों को 92.14 करोड़ रुपए की राशि बांटी गई है। वर्ष 2016-17 में 2106 खिलाडि़यों को 54.40 करोड़ रुपए पुरस्कार के तौर पर दिए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App