खिलाडि़यों को भा रहा खाना  छोटे कमरे से शिकायत

By: Aug 18th, 2018 12:04 am

पालेमबांग — एशियाई खेलों के लिए इंडोनेशिया पहुंचे भारत और दूसरे देशों के खिलाडि़यों को खेल गांव में अलग-अलग तरह का खाना मिलने से खुशी है, लेकिन उन्हें रहने के लिए मिले छोटे कमरे से थोड़ी शिकायत है। एक भारतीय खिलाड़ी ने कहा, यहां के कमरे छोटे हैं। हर कमरे में तीन बिस्तर और एक बाथरूम है। अगर यहां थोड़ी और जगह होती तो अच्छा होता। यह सभी खिलाडि़यों के लिए एक समान है। जापान की महिला टेनिस टीम के कोच फुरूशो दाइजिरो ने कहा, अगर कमरे थोड़े बड़े होते तो अच्छा होता। यहां परोसे जाने वाला खाना मुझे पसंद आ रहा है। उनके पास इंडोनेशिया और वैश्विक व्यंजनों का अच्छा विकल्प है। एक भारतीय खिलाड़ी ने कहा, एक खिलाड़ी के तौर पर आपको हर तरह के खाने के लिए तैयार रहना होता है, लेकिन भारतीय खाने का विकल्प हमेशा अच्छा रहता है। कभी-कभी आप सिर्फ भूख को शांत करना चाहते हैं। इसलिए खाने को लेकर कोई शिकायत नहीं है। पालेमबांग स्थित खेल गांव में निशानेबाजों, नौकायान और टेनिस खिलाडि़यों का दल आया है। जकार्ता स्थित खेल गांव हालांकि इससे बड़ा है। यह पहली बार है, जब एशियाई खेलों का आयोजन दो शहरों में हो रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App