छोटी गाडि़यों के लिए आज खुलेगा मोरसू पुल

By: Aug 18th, 2018 12:05 am

हमीरपुर —बरसात के कारण टूटा मोरसू पुल शुक्रवार दोपहर बाद छोटे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। पुल के टूटे हिस्से का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। हालांकि बड़े वाहनों के गुजरने पर प्रतिबंध बरकरार है। बस-ट्रक सहित अन्य बड़े वाहन इस पुल से नहीं गुजरेंगे। इनको तय किए गए डाइवर्ट रूट्स पर ही जाना होगा।  पुल के निर्माण कार्य के लिए लगाए गए बजरी, सीमेंट की सेटिंग के लिए समय चाहिए। बड़े वाहनों के गुजरने से पुल को फिर से खतरा पैदा हो सकता है। इसके लिए सिर्फ छोटे वाहनों के लिए ही पुल को खोलने का निर्णय लिया गया है। हालांकि वास्तविक स्थिति शनिवार को ही पता चलेगी। हो सकता है कि विभाग केवल दोपहिया वाहनों के लिए ही पुल को बहाल करे। पुल के खुलने से अन्य वैकिल्पक मार्गों पर घंटों लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी। छोटे वाहन इस पुल से होकर ही निकल जाएंगे। जाहिर है कि बीते दिनों भारी बारिश के कारण मोरसू कुनाह खड्ड पर बने पुल को बड़ा हिस्सा गिर गया था। इस कारण सड़क मार्ग बीच से टूट गया। रात के समय घटी इस घटना का पता चलते ही प्रशासन सहित एनएच विभाग सुबह तड़के मौके पर पहुंच गया। मार्ग को तुरंत प्रभाव से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। इसी दिन जेसीबी मंगलवार नींव की खुदाई का कार्य शुरू किया गया। यातायात बहाल रखने के लिए अन्य मार्गों से वैकल्पिक सुविधा प्रदान की गई। वैकल्पिक मार्ग वन-वे होने के कारण जाम की स्थिति से रोजाना लोगों को जूझना पड़ रहा है। हर कोई मोरसू पुल के बहाल होने का इंतजार कर रहा है। एनएच विभाग ने पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। शुक्रवार दोपहर तक छोटे वाहनों के लिए पुल खोलने का निर्णय लिया गया है। अब छोटे वाहन एनएच मार्ग से ही गुजर सकेंगे। इस कारण लोगों की दिक्कतें कुछ हद तक जरूर कम हो जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App