जकार्ता में एशियन गेम्स का रंगारंग आगाज

By: Aug 19th, 2018 12:08 am

भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा की अगवाई में उतरा 804 सदस्यीय भारतीय दल

इंडोनेशियाई राष्ट्रपति के स्टंट-सांस्कृतिक झलक से शुरुआत

जकार्ता— इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो के मोटर साइकिल पर गेलोरा बुंग कार्नाे स्टेडियम पहुंचने और इंडोनेशिया की सांस्कृतिक झलक के बीच 18वें एशियाई खेलों का शनिवार को रंगारंग आगाज हो गया। 18वीं एशियाई खेलों में 45 देशों के 10500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जूनियर विश्व चैंपियन और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा की अगवाई में भारत का मजबूत दल शनिवार को 18वें एशियाई खेलों के गेलोरा बुंग कार्नाे स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में उतरा। हरियाणा के 20 साल के दिग्गज एथलीट नीरज तिरंगा लिए सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे भारतीय खिलाडि़यों के हाथों में तिरंगे थे और भारतीय दल के निकलने के समय भारत का राष्ट्रगान जन गण मन स्टेडियम में गूंज रहा था। भारतीय खिलाडि़यों ने दर्शकों की तरफ हाथ हिलाते हुए अभिवादन किया। जब भारतीय दल गुजरा तो  पूर्व आईओए प्रशासक रणधीर सिंह ने तालियां बजाते हुए खिलाडि़यों का हौसला बढ़ाया। भारतीय महिला खिलाड़ी ब्लेजर और ट्राउजर मेंउद्घाटन समारोह में शामिल हुईं। इस दल में 79 साल की रीता चोक्सी एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किए गए ब्रिज खेल में देश की सबसे उम्रदराज पदक दावेदार के रूप में उतर रही हैं। भारत ने इन खेलों में 572 एथलीटों सहित कुल 804 सदस्यीय दल उतारा है, जो 36 खेलों में भाग लेगा।

मोटरसाइकिल चलाते हुए स्टेडियम पहुंचे राष्ट्रपति

18वें एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह की सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह रही कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति मोटर साइकिल चलाते हुए शहर की सड़कों से गुजरे और फिर स्टेडियम पहुंचे। एशियाई खेलों के इतिहास में यह पहला मौका था, जब किसी मेजबान देश के राष्ट्रपति मोटर साइकिल से स्टेडियम पहुंचे। मेजबान देश की 1500 से अधिक महिला कलाकारों ने सांस्कृतिक झलक पेश कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद खिलाडि़यों का मार्च पास्ट शुरू हुआ। स्टेडियम में सबसे पहले अफगानिस्तान के दल ने प्रवेश किया। इसके बाद बहरीन, बांग्लादेश, भूटान, ब्रुनो दारूस्लाम, कंबोडिया, चीन और हांगकांग के खिलाड़ी स्टेडियम में पहुंचे। भारतीय दल ने नौवें नंबर पर स्टेडियम में प्रवेश किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App