जेल में फंदे से लटका कैदी

By: Aug 4th, 2018 12:20 am

बिस्तर की चादर फाड़कर बनाया फंदा, हत्या के जुर्म में था अंदर

 नाहन— केंद्रीय आदर्श कारागार नाहन में एक सजायाफ्ता कैदी द्वारा आत्महत्या की गई है। जेल की बैरक में कैदी द्वारा की गई आत्महत्या ही सूचना जैसे ही जेल प्रशासन को लगी तो प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक केंद्रीय आदर्श कारागार नाहन में उम्रकैद की सजा काट रहे नेपाल के अर्जुन बहादुर ने शुक्रवार सुबह जेल की बैरक में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस आत्महत्या के बाद जहां जेल महकमे में हड़कंप मचा गया, वहीं शुक्रवार को नाहन आ रहे जेल महानिदेशक सोमेश गोयल ने आधे रास्ते से ही अपना दौरा रद्द कर दिया। उधर, जेल अधीक्षक जय गोपाल लोधटा ने बताया कि उम्रकैद की सजा काट रहे अर्जुन बहादुर सिंह ने अपनी बैरक में बिस्तर की चादर फाड़कर पंखे से लटककर आत्महत्या की है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह 8.22 बजे कैदी ने बैरक की कुंडी को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद कैदी बिस्तर की चादर को फंदा बनाकर पंखे से झूल गया। कैदी द्वारा कुंडी लगाने का समय सीसीटीवी फुटेज से पता चला है। सुबह साढ़े नौ बजे के करीब जेल प्रशासन को इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद कैदी को डा. वाईएस परमार मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर बबीता राणा पाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अर्जुन बहादुर सिंह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

नाहन में आत्महत्या का दूसरा मामला

नाहन जेल में आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। जानकारी के मुताबिक वर्ष 1992 के आसपास किसी कैदी ने जेल परिसर में बाथरूम में हत्या कर ली थी। उसके बाद अब जेल परिसर में आत्महत्या की यह दूसरी घटना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App