पाक ने छोड़े 30 भारतीय

By: Aug 14th, 2018 12:01 am

स्वतंत्रता दिवस से पहले किए रिहा, हिंदोस्तान से भी जताई उम्मीद

इस्लामाबाद, चंडीगढ़— पाकिस्तान ने सोमवार को स्वतंत्रता दिवस से पहले सद्भावना के तहत 27 मछुआरों समेत 30 भारतीय कैदियों को रिहा किया है। पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह 14 अगस्त को देश के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एक मानवीय पहल है। सभी रिहा भारतीय अटारी-वाघा सीमा से भारत में प्रवेश कर गए। मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि यह मानवीय मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं करने की पाकिस्तान की सतत् नीति है। हमारी उम्मीद है कि भारतीय पक्ष भी इसी तरह से कैदियों को छोड़ेगा। इन भारतीय मछुआरों को मछली पकड़ने के लिए पाकिस्तान के जलक्षेत्र में घुसने के बाद गिरफ्तार किया गया था और इन्हें बंदरगाह शहर कराची की जेल से रिहा किया गया। पाकिस्तान और भारत अपने-अपने जलक्षेत्रों में अवैध रूप से मछली पकड़ने के लिए मछुआरों के घुसने पर उन्हें गिरफ्तार करते रहते हैं, लेकिन दोनों देश अभी तक समुद्री सीमा को लेकर किसी भी समझौते पर नहीं पहुंचे हैं। देश के उच्चतम न्यायालय के समक्ष जुलाई में सौंपी गई एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, 418 मछुआरों समेत 470 भारतीय पाकिस्तानी जेलों में बंद हैं। रिपोर्ट के अनुसार ईदी फाउंडेशन ने पाकिस्तानी जल क्षेत्र में प्रवेश करने पर हिरासत में लिए गए भारतीय मछुआरों की यात्रा व्यय का वहन किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App