बड़ा भंगाल को 42 क्विंटल राशन

By: Aug 10th, 2018 12:15 am

पतलीकूहल से 60 खच्चरों के माध्यम से भेजी खाद्य सामग्री

बैजनाथ — जिला कांगड़ा की अति दुर्गम घाटी बड़ा भंगाल में खाद्य सामग्री पहुंचाने की कवायद शुरू हो चुकी है। जानकारी के अनुसार जिला कुल्लू के पतलीकूहल से बड़ा भंगाल की ओर जाने वाले पैदल मार्ग से 60 खच्चरों के जरिए लगभग 42 क्विंटल राशन सामग्री पहले चरण में गुरुवार को भेज दी गई है।  प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक बड़ा भंगाल में राशन का वितरण सही तरीके से हो, इसके लिए छह सदस्यीय टीम बड़ा भंगाल में पहुंच चुकी है। इसमें ग्राम पंचायत प्रधान व पंचायत सचिव, पटवार वृत बड़ा भंगाल के पटवारी, राजकीय माध्यमिक पाठशाला बड़ा भंगाल के मुख्याध्यापक व सिविल सप्लाई के प्रभारी मदन लाल व निरीक्षक बड़ा भंगाल पहुंच चुके हैं। उक्त सभी अधिकारियों ने दूरभाष के माध्यम से बैजनाथ प्रशासन को जानकारी दी है कि बडा भंगाल में भुखमरी जैसे कोई हालात नहीं है और बड़ा भंगाल में रह रहे लोगों के लिए समुचित मात्रा में राशन उपलब्ध है। प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक खाद्य साम्रगी के बडा भंगाल पहुंचते ही टीम की देखरेख में राशन का सही वितरण वहां मौजूद ग्रामीणों में कर दिया जाएगा। इसके अलावा पलाचक में हुए भू-स्खलन से हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए विकास खंड बैजनाथ से गई दो सदस्यीय टीम निरीक्षण उपरांत   लौट आई है।   इसके अलावा चंबा से चौपर के माध्यम से भी बडा भंगाल में लगभग 48 क्विंटल राशन पहले चरण में पहुंचाने की कवायद शुरू है व मौसम के खुलते ही एक अन्य व्यवस्था प्रदेश सरकार बड़ा भंगाल के बाशिंदों के लिए कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App