मंडी के होमगार्ड जवानों को सम्मान

By: Aug 17th, 2018 12:05 am

मंडी —जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विक्रम सिंह, उद्योग मंत्री द्वारा प्रदेश गृह रक्षा, छठी वाहिनी मंडी के आदेशक मेजर खेम सिंह को जिला भर में विभिन्न आपदाओं व आपातकालीन सेवाओं जैसे 108 व 102 एंबुलेंस के चालकों की हड़ताल इत्यादि में कुशल नेतृत्व हेतु प्रशस्ति प्रमाण पत्र से सम्मानित किया। इसके साथ ही गृह रक्षा छठी वाहिनी मंडी को वर्ष 2018-19 के दौरान आपदा प्रबंधन दल के गठन व उनके द्वारा निभाई जा रही महत्त्वपूर्ण सेवाओं, करसोग में जंगलों की आग को काबू करने हेतु किए गए प्रयासों व 108 व 102 एंबुलेंस के चालकों की हड़ताल के दौरान गृह रक्षक चालकों को अविलंब उपलब्ध करवाते हुए जनहित में की गई सेवाओं के लिए भी मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रदेश गृह रक्षा, छठी वाहिनी मंडी के आदेशक मेजर खेम सिंह ने बताया कि प्रदेश गृह रक्षा, छठी वाहिनी के गृह रक्षक जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहे हैं। जिला में ऐसा कोई आयोजन नहीं है, जिसमें गृह रक्षा व अग्निशमन विभाग की महत्त्वपूर्ण भूमिका न रही हो। उन्होंने बताया कि वाहिनी को इससे पहले छह दिसंबर, 2012 में राज्यपाल द्वारा बेस्ट बटालियन ट्राफी, 15 अक्तूबर, 2015 को  स्वच्छ भारत अभियान में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने, 15 अगस्त 2015 को  आपदा राहत कार्यों में बेहतरीन काम करने, 26 जनवरी, 2017 को  वृद्ध आश्रम व विशेष बच्चों के मनोरंजन हेतु बैंड प्रदर्शन, रक्तदान, स्वच्छ भारत अभियान, दवाई एकत्रीकरण जैसी अनूठी पहल हेतु प्रशस्ति प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि इसके अलवा उपमंडल स्तर पर आयोजित समारोह में भी गृह रक्षकों सोहन लाल, ओम प्रकाश को बेहतरीन कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App