मंत्री वीरेंद्र कंवर बोले, अटल दुनिया के महान नेता

By: Aug 18th, 2018 12:05 am

 ऊना —ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशु एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अटल बिहारी वाजपेयी का 16 अगस्त को नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया था। वह 93 वर्ष के थे। अपने शोक संदेश में पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के ही नहीं बल्कि दुनिया के एक महान राजनेता थे। उन्होंने कहा कि वाजपेयी का इस दुनिया से चले जाना देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का प्रदेश के साथ विशेष लगाव रहा तथा वे हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते थे। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए प्रधान मंत्री रहते हुए जहां विशेष आर्थिक मदद दी तो वही औद्योगिक पैकेज देकर प्रदेश के विकास को एक नई गति प्रदान की। उन्होंने कहा कि सामरिक दृष्टि से मनाली व लाहुल के मध्य लगभग नौ किलोमीटर लंबी बन रही सुरंग भी अटल बिहारी वाजपेयी की ही देन है। अटल बिहारी वाजपेयी ने अपनी दूरदर्शी सोच के चलते प्रधान मंत्री रहते हुए देश के लिए अनेक विकास योजनाओं का खाका तैयार कर उन्हे अमलीजामा पहनाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल की एक बड़ी देन इस देश के लिए रही है। इसके कारण आज प्रदेश के छोटे से छोटे गांव सड़क सुविधा से जुडे़ हैं। उन्होंने कहा कि परमाणु विस्फोट करके पूरी दुनिया को चौंकाने वाले वाजपेयी ने यह दिखा दिया कि भारत सैन्य एवं एटमी ताकत में भी दुनिया के बडे़ व समृद्ध देशों के मुकाबले कमजोर नहीं है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि देश की रक्षा के लिए शहीद होने वाले सैनिकों का पूरा राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टी हो इसकी शुरूआत भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में ही हुई है। उन्होंनेे कहा कि आज देश की सुरक्षा के लिए शहीद होने वाले वीर सैनिकों का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाता है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी महज एक राजनेता ही नहीं बल्कि एक अच्छे कवि व लेखक भी थे। जिन्होंने अपने लेखन के माध्यम से देश को एकता के सूत्र में बांधने का हर समय प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का निधन देश के साथ-साथ हिमाचल के लिए भी निजी तौर पर एक बड़ी क्षति है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App