मुख्यमंत्री पौंग में करें कैबिनेट मीटिंग

By: Aug 18th, 2018 12:12 am

नूरपुर —कृपाल परमार ने कहा कि पौंग झील में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री से पौंग डैम में कैबिनेट की बैठक करने का आग्रह किया अगर सरकार ने इस पर सहमति जताई तो नवंबर-दिसबंर में हो सकती है बैठक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जब इंदौरा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए हैलीकाप्टर के माध्यम से रैहन स्टेडियम पहुंचे तो वह पूर्व राज्यसभा सांसद कृपाल, नेताओं व अधिकारियों के साथ पौंग डैम में गए और वहां चाय पर पौंग झील में पर्यटन की संभावनाओं बारे चर्चा की। पूर्व सांसद कृपाल परमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वहां चाय पर पौंग झील के पर्यटन की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने झील के क्षेत्रफल, प्रवासी पक्षियों, पर्यटन की दृष्टि से किए गए कार्यों आदि के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से पौंग डैम में कैबिनेट की बैठक करने का आग्रह किया ताकि दुनिया को पौंग झील की खूबसूरती का पता चले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनका आग्रह स्वीकार किया है और बताया कि सरकार पौंग झील में कैबिनेट की बैठक करने की संभावनाएं देखेगी। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस बारे में स्वीकृति देती है तो नवंबर-दिसंबर में यह बैठक हो सकती है क्योंकि उस समय यह झील प्रवासी पक्षियों से गुलजार होती है और झील का नजारा रमणीय होता है। कृपाल परमार से जब पौंग झील में लागू कंजरवेशन एक्ट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस एक्ट के बारे में पूरी जानकारी नहीं है और वह जानकारी लेंगे।  उन्होंने कहा कि झील में मोटरवोट चलने की मनाही नहीं होनी चाहिए और अगर इस एक्ट की वजह से पौंग झील में पर्यटन को बढ़ावा मिलने में मुश्किल आ रही है तो सरकार को इस बारे उचित कार्रवाई करनी चाहिए। गौरतलब है कि पौंग झील देश की सबसे खूबसूरत झीलों में शुमार है और इसका निर्मल, स्वच्छ व गहरा नीला पानी हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। शायद यही कारण रहा होगा कि यहां प्रतिवर्ष दूर देश से हजारों मेहमान परिंदे सर्दियों में आते हैं।भाजपा मंडल फतेहपुर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कृपाल परमार ने नेतृत्व में मुख्यमंत्री का रैहन आने व यहां से शिमला जाने से पहले जोरदार स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App