राज्य सरकार ने केंद्र से बुलाए चार आईएएस

By: Aug 12th, 2018 12:08 am

शिमला— केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हिमाचल के चार आईएएस अफसरों को राज्य सरकार ने वापस बुलाया है। राज्य सरकार ने कहा है कि प्रदेश सरकार को विशेष परिस्थितियों में अपने अधिकारियों की अत्यंत जरूरत है। हिमाचल सरकार इन अधिकारियों की वापसी के लिए केंद्र से दो बार आग्रह कर चुकी है। खास बात है कि हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अफसर तरुण कपूर को केंद्र सरकार ने स्पेशल असाइनमेंट के लिए दिल्ली का न्योता दिया है। अपने चार प्रशासनिक अधिकारियों की वापसी न होने के कारण राज्य सरकार अब अपने सीनियर ब्यूरोक्रेट को दिल्ली भेजने को तैयार नहीं है। हिमाचल प्रदेश के 41 आईएएस अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। इसके अलावा नगर निगम धर्मशाला के कमिश्नर संदीप कदम ने भी सेंट्रल डेपुटेशन के लिए आवेदन कर दिया है। राज्य सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव तरुण कपूर भी दिल्ली जाने को तैयार हैं। इन परिस्थितियों में हिमाचल प्रदेश में प्रशासनिक अधिकारियों का टोटा पड़ गया है। उधर, हिमाचल के लिए राहत भरी खबर है कि केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए वर्ष 1988 बैच के आईएएस मनोज कुमार इसी माह दिल्ली से वापस लौट रहे हैं। बावजूद इसके हिमाचली अफसरों का कोटा पूरा नहीं हो रहा है। राज्य की जयराम सरकार ने अभी तक एक आईपीएस और चार आईएएस अफसरों को विशेष परिस्थितियों में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बीच हिमाचली वापसी का केंद्र सरकार से आग्रह किया है। इनमें अभी तक आईपीएस अधिकारी संजय कुंडू की वापसी हुई है। इसके लिए भी प्रदेश सरकार को कड़ा संघर्ष करना पड़ा है। संजय कुंडू को राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री का अतिरिक्त प्रधान सचिव लगाया है। इसके अलावा उन्हें स्वतंत्र फ्लाईंग स्क्वायड का मुखिया नियुक्त किया है। हिमाचल सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर कहा है कि आईपीएस अधिकारी संजय कुंडू की विशेष असाइनमेंट के लिए जरूरत है। इसी तरह सरकार ने चार अन्य आईएएस अफसरों की वापसी के लिए केंद्र को आग्रह किया है। हालांकि इस पर केंद्र सरकार से किसी भी प्रकार का सकारात्मक जवाब नहीं आया है। इसी कारण राज्य ने दूसरी बार केंद्र को आग्रह पत्र लिखकर अधिकारियों की वापसी की गुहार लगाई है।

रजनीश बुलाए

वर्ष 1987 बैच के रजनीश केंद्र में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में संयुक्त सचिव पद पर तैनात हैं। हरियाणा राज्य के रजनीश 31 अक्तूबर, 2011 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। रजनीश का सेवाकाल 30 नंवबर, 2023 तक है।

संजय की वापसी

1989 बैच के आईएएस अधिकारी के. संजय मूर्थी आवासीय एवं शहरी मामले मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात हैं। आंध्र के संजय 21 नवंबर, 2014 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हैं। मूर्थी का सेवाकाल 31 दिसंबर, 2024 तक है।

पंत को न्योता

1993 बैच  के कमलेश कुमार पंत केंद्र में एनएचएआई में सेवारत हैं। चीफ विजिलेंस अफसर पद पर तैनात  श्री पंत 31 दिसंबर, 2030 में सेवानिवृत्त होंगे।  वह तीन जनवरी, 2012 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।

पांडा को बुलावा

वर्ष 1997 बैच के सुभाशीष पांडा ऑल इंडिया इंस्टीच्यट ऑफ मेडिकल साइंसेज नई दिल्ली सेवारत हैं। ओडिशा मूल के सुभाशीष पांडा 20 फरवरी, 2014 में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हैं। उनका सेवाकाल 31 अक्तूबर, 2028 तक है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App