रोहतांग टनल सरीखा तोहफा वाजपेयी की देन

By: Aug 17th, 2018 12:05 am

शिमला— हिमाचल प्रदेश में रोजगार की नींव रखने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य को विशेष औद्योगिक पैकेज का सबसे बड़ा तोहफा दिया है। इसके अलावा रोहतांग टनल हिमाचल के लिए उनकी सबसे बड़ी देन है। प्रदेश को 900 करोड़ की विशेष आर्थिक सहायता देकर हिमाचल के प्रति उनकी उदार छवि जगजाहिर है। एशिया की सबसे बड़ी पार्वती विद्युत परियोजना की नींव अटल बिहारी वाजपेयी ने 9 दिसंबर 1999 को रखी थी। वर्ष 1982 में आधारशिला के बाद निर्माण कार्य को तरस रहे चंबा के चमेरा प्रोजेक्ट के कार्य को अटल सरकार में गति मिली। नतीजतन चंबा जिला के यह महत्त्वाकांक्षी विद्युत परियोजना 1999 से 2002 के बीच बनकर तैयार हो गई। इसी तरह 5 जून 2000 को कोल डैम परियोजना का तोहफा प्रदेश को देने के लिए अटल खुद हिमाचल आए। राज्य में हाईड्रो पावर सेक्टर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सबसे बड़ी देन है। हिमाचल की कई लटकी परियोजनाओं के वित्तीय  संकटों का निवारण में उनका अहम योगदान रहा। इसके अलावा केंद्रीय मंजूरियों के लिए भी उन्होंने विशेष योगदान दिया। नतीजतन हाईड्रो सेक्टर में हिमाचल की देशभर में अलग पहचान बन गई। अटल बिहारी वाजपेयी का ड्रीम प्रोजेक्ट रोहतांग टनल अगले साल पूरा हो रहा है। दीगर है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की नींव वर्ष 2002 में खुद अटल बिहारी वाजपेयी ने रखी थी। इस टनल के निर्माण के बाद हिमाचल की तकदीर व तस्वीर बदल जाएगी। अटल बिहारी वाजपेयी ने 19 मार्च 1998 को देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उसके बाद हिमाचल आए अटल ने सबसे पहले राज्य को 200 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की थी। इसके आठ माह बाद आए प्रधानमंत्री ने हिमाचल को 300 करोड़ दिए थे। अपने दूसरे कार्यकाल में अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य के लिए दोबारा 400 करोड़ की विशेष आर्थिक सहायता जारी की थी। औद्योगिक पैकेज के लिए दशकों से केंद्र के पास गिड़गिड़ा रहे हिमाचल के दर्द पर अटल बिहारी वाजपेयी ने मरहम लगाया था। उन्होंने प्रदेश के लाखों युवाओं को विशेष औद्योगिक पैकेज का तोहफा देकर रोजगार के दरवाजे खोले थे। इस पैकेज के बाद हिमाचल प्रदेश में सरकारी तथा निजी क्षेत्र में नौकरियों के अंबार लग गए थे।

प्रदेश को बनाना चाहते थे एजुकेशन हब

अटल बिहारी वाजपेयी हिमाचल को एजुकेशन का हब बनाना चाहते थे। औद्योगिक पैकेज की घोषणा के बाद राज्य के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को एजुकेशन पॉलिसी पर काम करने के लिए कहा था। अटल की सलाह थी कि हिमाचल की शांत वादियां उच्च शिक्षा के लिए सबसे बेहतर है। एजुकेशन हब बनने से हिमाचल में देशभर के छात्र शिक्षा ग्रहण करने आएंगे और राज्य में पर्यटन बढ़ेगा।

संयोग ऐसा भी….

लोकसभा चुनावों में अटल बिहारी वाजपेयी की हिमाचल में तीन चुनावी रैलियां प्रस्तावित थी। उन्होंने पहली चुनावी जनसभा कांगड़ा, दूसरी हमीरपुर तथा तीसरी मंडी में निर्धारित की। इसे संयोग ही कहा जाएगा कि हिमाचल में भाजपा के पहले सीएम कांगड़ा शांता कुमार और दूसरे हमीरपुर से प्रेम कुमार धूमल बने। राज्य में भाजपा के तीसरे मुख्यमंत्री वर्तमान मेें मंडी से जयराम ठाकुर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App