लंबे ब्रेक के बाद भी चमक कायम

By: Aug 5th, 2018 12:10 am

काजोल का जन्म 5 अगस्त, 1974 को महाराष्ट्र के मुंबई में हुआ है।  फिल्मी परिवार से ताल्लुक रखने वाली काजोल दिवंगत निर्माता-निर्देशक सोमू मुखर्जी वेटरन एक्ट्रेस तनुजा की बेटी हैं। काजोल की एक बहन है। तनीषा मुखर्जी जो कि एक अभिनेत्री है।  काजोल दिवंगत एक्ट्रेस नूतन की भांजी भी हैं। इतना ही नहीं काजोल के नाना-नानी भी भारतीय सिनेमा का हिस्सा रहे हैं।  काजोल का पूरा पैतृक परिवार भी बालीवुड का एक अभिन्न हिस्सा है।  उनके पिता के भाई जॉय मुखर्जी-देब मुखर्जी भारतीय फिल्म निर्माता थे, तो वहीं उनके दादाजी एक फिल्मकार थे।  उनके चचेरे भाई-बहनों में रानी मुखर्जी चोपड़ा, शर्बानी मुखर्जी और मोहनीश बहल शामिल हैं, जो कि फिल्म जगत में सक्रिय हैं।  उनके चचेरे भाई अयान मुखर्जी बालीवुड के प्रसिद्ध निर्देशक हैं।

शादीः काजोल की शादी अभिनेता अजय देवगन से 24 फरवरी, 1999 हुई है। जिस समय काजोल की शादी हुई थी उस समय वह बालीवुड की लीडिंग एक्ट्रेस में शुमार थीं। आलोचकों ने काजोल के शादी के फैसले को गलत ठहराया था, आलोचकों का कहना था कि शादी के बाद काजोल का करियर पूरी तरह खत्म हो जाएगा, पर ऐसा नहीं हुआ।  काजोल ने फिल्मों में काम करना जारी रखा।  शादी के बाद उनकी फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ ब्लॉकबस्टर हिट हुई।  काजोल के दो बच्चे हैं। न्यासा देवगन, युग देवगन।

करियरः काजोल ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत महज 16 साल की उम्र में ही कर दी थी।  उनकी पहली बालीवुड डेब्यू फिल्म बेखुदी थी।  हालंकि फिल्म तो कुछ खास नहीं चली थी,  लेकिन आलोचकों को उनका  अभिनय बेहद पसंद आया।  इसी के चलते उनके पास फिल्मों की लाइन लग गई।  उसके बाद 1993 में काजोल अब्बास मस्तान की फिल्म बाजीगर में नजर आईं।  इस फिल्म में उनके साथ शाहरुख खान और शिल्पा शेट्टी भी थे। काजोल की यह फिल्म बॉक्स आफिस पर हिट साबित हुई और फिल्म में लोगों को शाहरुख-काजोल की जोड़ी बेहद फबी।

साल1995 में काजोल की दो फिल्में करण-अर्जुन और दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे बैक टू बैक हिट हुईं।  फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के लिए काजोल को बेस्ट एक्ट्रेस फिल्म फेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

काजोल ने अपने बालीवुड करियर में कई बेहतरीन फिल्में कीं, उसी में शामिल है काजोल एक नकारात्मक किरदार में नजर आई थीं और उनके किरदार को लोगों ने बेहद पसंद किया। इतना ही नहीं उन्हें इस फिल्म के फिल्म फेयर अवार्ड बेस्ट इन नेगेटिव रोल से भी सम्मनित किया गया।

साल 2001 में फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के बाद काजोल ने फिल्मी दुनिया से एक लंबा ब्रेक लिया।  इस दौरान उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। साल 2006 में एक बार फिर काजोल ने फिल्म ‘फना’ से अपनी धमाकेदार वापसी की। जिसमें अंधी लड़की की

भूमिका में नजर आई थीं, जिसे कश्मीरी आतंकवादी से प्यार हो गया था।  फिल्म सुपरहिट हुई और साथ ही एक और फिल्म फेयर अवार्र्ड फॉर बेस्ट एक्ट्रेस काजोल की झोली में आ गिरा।

काजोल के बारे में रोचक तथ्य

1.काजोल मुखर्जी खानदान की चौथी पीढ़ी हैं। काजोल वेटरन एक्ट्रेस रत्ना बाई की परपोती हैं।

2.कपूर फैमिली के बाद बालीवुड में मुखर्जी परिवार का भी काफी योगदान है।

3.काजोल बालीवुड की अकेली ऐसी अभिनेत्री हैं, जिन्हें नेगेटिव रोल के लिए फिल्मफेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

4.काजोल बालीवुड दूसरी अभिनेत्री हैं ,जिन्हें पांच फिल्म फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड से नवाजा गया है। काजोल की मौसी नूतन को भी पांच फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस अवार्ड से सम्मनित किया जा चूका है।

5 . क्या आप जानते हैं बाजीगर में प्रिया चोपड़ा के रोल के लिए डायरेक्टर की पहली पसंद श्रीदेवी थीं, लेकिन उन्होंने डेट्स न होने के कारण फिल्म निर्देशक को मना कर दिया और फिल्म आकर गिरी काजोल की झोली में।  इसके साथ ही काजोल की यह फिल्म पहली सुपरहिट साबित हुई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App