सब्जी मंडी में टमाटर के दाम फिर धड़ाम

By: Aug 18th, 2018 12:11 am

सोलन — टमाटर के दाम एक बार फिर धड़ाम हो गए हैं। अब टमाटर का हाल सीजन की शुरुआत जैसा हो गया है। ऐसी स्थिति में किसान लागत एवं खर्चा भी पूरा नहीं कर पा रहे हैं। गुरुवार एवं शुक्रवार को फल एवं सब्जी मंडी सोलन में टमाटर बुरी तरह पिटा। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 25 किलो टमाटर का क्रेट 200-250 रुपए बिका। जबकि शुक्रवार को इसमें प्रतिक्रेट 50 रुपए का सुधार हुआ। इस दौरान हिमसोना किस्म का टमाटर सबसे अधिक 300 रुपए प्रति क्रेट के हिसाब से बिका। बताया जा रहा है कि बीते दिनों हुई बारिश के कारण अभी तक सोलन से भेजे ट्रक देश की अन्य मंडियों में नहीं पहुंच पाए हैं। वहीं दूसरे राज्यों से व्यापारी भी सोलन नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसके चलते टमाटर निचले स्तर पर पहुंच गया है। गौर रहे कि फल एवं सब्जी मंडी में गुरुवार को करीब 15 हजार व शुक्रवार को करीब 12 हजार क्रेट टमाटर के मंडी पहुंचे। शुक्रवार को राजस्थान के व्यापारियों के अलावा अन्य राज्यों से कोई भी व्यापारी मंडी में नहीं पहुंचा। कृषि उपज एवं मंडी समिति सोलन के सचिव  प्रकाश कश्यप ने बताया कि दो दिन में टमाटर के रेट काफी कम हुए हैं। इससे किसानों की लागत एवं खर्चा भी पूरा नहीं हो पा रहा है। बीते दो दिन के भीतर मंडी में करीब 27 हजार के आसपास टमाटर के क्रेट पहुंचे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App