हलेला…रजेरा में बादल फटा

By: Aug 14th, 2018 12:05 am

सलूणी —रविवार रात को बेरहम बारिश से उपमंडल सलूणी के तहत पड़ने वाली भड़ेला एवं कंधवारा पंचायतों में भारी तबाही हुई। कंधवारा पंचायत के हलेला गांव में रविवार रात को बादल फट गया। बादल फटने से चार परिवार बेघर हो गए हैं। रात को हुई इस घटना से लोगों ने दूसरों के घरों में जाकर शरण ली है। गनीमत यह रही कि जिस समय घरों की छत गिरी, परिवार के सदस्य सतर्क थे, लिहाजा कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है। अपना आशियाना बेरहम बारिश की चपेट में आने से परिवार के सदस्यों ने दूसरे गांव में जाकर शरण ली। बादल फटने से हुए नुकसान की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सोमवार को मौसम खुलने पर लोगों ने क्षतिग्रस्त हुए घर में बचाव कार्य को अंजाम दिया।  इसके अलावा इसी पंचायत में शलेई गांव में भी बारिश से काफी क्षति पहुंची है। रिकार्ड तोड़ बारिश होने से आई बाढ़ से मक्की, मटर के साथ ही अन्य फसलें बर्बाद हो गई हैं। इसके अलावा  सेनी गांव में भी पांच परिवारों को क्षति पहुंची है। स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीएम सलूणी विजय धीमान, भाजपा जिला अध्यक्ष डीएस ठाकुर सोमवार को मौके पर पहुंचे।  बारिश से उपमंडल सलूणी की कई छोटी-बड़ी सड़कें भी ठप हो गई हैं। कई सड़क मार्गों को तो विभाग ने खोल दिया है, लेकिन लिंक मार्ग अभी भी बंद पड़े हैं। उधर, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सलूणी अरुण पठानिया का कहना है कि विभाग बंद पड़े सड़क मार्ग बहाल करने में जुटा है सोमवार शाम तक लगभग सभी मार्ग बहाल कर दिए हैं। बहरहाल मौसम ने यहां पर लोगों को डरा कर रख दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App