हिमाचल सरकार बाढ़ग्रस्त केरल को देगी पांच करोड़

By: Aug 19th, 2018 12:07 am

शिमला— केरल में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हिमाचल सरकार ने भी हाथ बढ़ाया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केरल बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए पांच करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। हिमाचल सरकार बाढ़ पीडि़तों को न केवल आर्थिक मदद करेगी, बल्कि प्रदेश की सामाजिक संस्थाओं से भी मदद जुटाने की अपील सरकार ने की है। हाल ही में केरल राज्य में भारी बारिश के बाद बाढ़ ने तबाही मचाई है। केरल के 325 से ज्यादा लोग इस बाढ़ में मौत का ग्रास बन चुके हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली से शिमला लौटने के बाद अधिकारियों के साथ चर्चा कर केरल त्रास्दी में प्रदेश की ओर से मदद करने का निर्णय लिया है। उधर, कांग्रेस ने भी राष्ट्रीय स्तर पर यह निर्णय लिया है कि सांसद व राज्यों के विधायक अपना एक-एक दिन का वेतन केरल त्रास्दी के पीडि़तों की सहायता के लिए देंगे। हिमाचल प्रदेश से भी कांग्रेस के विधायक अपना एक दिन का वेतन केरल प्रभावितों को प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि बाढ़ के कारण केरल में स्थितियां काफी नाजुक हैं, लेकिन मुसीबत की इस घड़ी में सारा देश केरल के लोगां के साथ खड़ा है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि हालात जल्द ही सामान्य हो जाएंगे और केरल सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों का पुनर्वास प्राथमिकता के आधार पर करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App