बैक डोर से रखी जा रहीं दिशा वर्कर

By: Oct 25th, 2018 12:01 am

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुक्खू ने प्रदेश सरकार पर जड़ा आरोप

शिमला – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा की जयराम सरकार में बैक डोर एंट्री का दौर शुरू हो गया है। दिशा वर्कर के रूप में चुपचाप प्रदेश में पिछले दरवाजे से भर्तियां की जा रही हैं। किसी को कानोंकान खबर तक नहीं है। चहेतों को फोन कर जिलों में साक्षात्कार के लिए बुलाकर नियुक्ति देने की प्रक्रिया चल रही है।   सुक्खू ने कहा कि भाजपा समर्थित प्रधानों और नेताओं की खासमखास हर पंचायत से एक महिला साक्षात्कार के लिए भेजी जा रही है। सीएम जयराम ठाकुर इन बैक डोर एंट्री पर अंकुश लगाकर नियमानुसार आउटसोर्सिंग या अनुबंध आधार पर भर्ती करें।  सुक्खू ने कर्ज लेने पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार सत्ता में आने के बाद से अब तक साढ़े तीन हजार करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है। धरातल पर विकास कार्य ठप पड़े हैं। यह राशि कहां खर्च की गई, सरकार इसका हिसाब दे।  उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय अपग्रेड स्कूल और कालेजों को भी सरकार फंक्शनल नहीं कर रही है। जबकि, खुद धड़ल्ले से स्कूल-कालेज खोलने में लगी है।  सुक्खू ने फतेहपुर के बीडीओ को निलंबित करने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्पीड़न बढ़ा है। उनकी सुनवाई नहीं हो रही। अच्छे सुझावों का इनाम मिलने के बजाय निलंबन की सजा मिल रही है। अधिकारियों-कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App