शिमला और श्यामला में राजनीति ढूंढ रही कांग्रेस

By: Oct 25th, 2018 12:01 am

शिमला – लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जयराम ठाकुर की जन हितैषी विकास योजनाओं और कांग्रेस की कीचड़ उछालो राजनीति के बीच मुकाबला होगा। हिमाचल और दिल्ली के कांग्रेसी नेता भाजपा नेताओं के विरुद्ध असभ्य टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस घटिया राजनीति के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाहती है। ये शब्द प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने कहे। गणेश दत्त ने कहा कि अभी हाल ही में कांग्रेस की घटिया राजनीति का पर्दाफाश तब हुआ, जब उनके नेता, कार्यकर्ता पीएम के खिलाफ असभ्य भाषा के दीवार लेखन में संलिप्त पाए गए हैं। राजनीति में लोग सभ्यता व शिष्टाचार की भाषा के लिए जाने जाते हैं, लेकिन कांग्रेस के लोग नई संस्कृति को जन्म दे रहे हैं, जो कांग्रेस के लिए ही घातक साबित होगी। कांग्रेस पार्टी जितना कीचड़ फैलाएगी, उतना ही अधिक कमल खिलेगा। कांग्रेस के लोग शिमला व श्यामला में राजनीति ढूंढ रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि शिमला का नाम बदलने का न सरकार का कोई विचार है और न ही पार्टी का।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App