नाहन में राफेल की आग

By: Dec 19th, 2018 12:15 am

भाजपा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, तो कांग्रेस ने पीएम का पुतला फूंक कर जताया विरोध

 नाहन —केंद्र सरकार व कांग्रेस के बीच राफेल डील मामले को लेकर चल रही खींचातानी मंगलवार को   नाहन में सड़कों पर नजर आई। भाजपा व कांग्रेस ने जहां अलग-अलग स्थाना पर अलग-अलग समय पर पुतले जलाने की परंपरा का वहन किया।  जिला सिरमौर कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस भवन नाहन में बैठक करने के बाद राफेल डील मामले में केंद्र सरकार द्वारा जेपीसी के गठन न किए जाने तथा  लोगों को भ्रमित करने के विरोध में जहां कांग्रेस भवन से एक विरोध प्रदर्शन व नारेबाजी करते हुए चौगान के समीप देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका तो वहीं भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता भी दोपहर सड़कों पर उतरे तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर जहर उगला। कांग्रेस पार्टी ने प्रातः करीब साढ़े 10 बजे से 11 बजे के बीच चौगान मैदान के समीप देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।   जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस की मौजूदगी में ही नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान के समीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंक दिया। इस बीच पुलिस कर्मियों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जमकर धक्का-मुक्की भी हुई। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता हिंदू आश्रम नाहन में एकत्रित हुए तथा पहले शहर में विरोध प्रदर्शन व कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एक रैली उपायुक्त कार्यालय तक निकाली। भाजपा के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता व हिमाचल प्रदेश खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया की अगवाई में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महिमा लाइब्रेरी चौक पर करीब साढ़े 12 बजे राहुल गांधी का पुतला फूंक दिया। इस बीच कांग्रेस पार्टी व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App