कांग्रेस, भाजपा के शासन से तंग आ चुकी है जनता : एलविस गोम्स

By: Apr 20th, 2019 4:10 pm

मारगाओ –  आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई के संयोजक एवं लोकसभा चुनाव के लिए दक्षिण गोवा से पार्टी के उम्मीदवार एलविस गोम्स ने दावा किया है कि जनता कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासन से तंग आ गयी है और अब लोग आप की ओर तीसरे विकल्प के रूप में देख रहे हैं। श्री गोम्स ने यूनीवार्ता को दिये साक्षात्कार में कहा,“हमारा चुनाव प्रचार सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और हमें लोगों की बहुत ही अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इस चुनाव में केवल एक ही बात है कि ज्यादातर लोग शांत हैं। लोगों पर सत्तारूढ़ दल की ओर से दबाव डाला जा रहा है। लोग डरे हुए हैं। मंत्री दल बदल रहे हैं जबकि विधायकों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। यही कारण है कि हम आम आदमी पार्टी के साथ आये हैं। लोग कह रहे हैं कि इतनी तानाशाही पुर्तगाली शासन के दौरान भी नहीं थी जैसी आज देखी जा रही थी।” लोगों पर कहां से दबाव आ रहा है, यह सवाल पूछे जाने पर श्री गोम्स ने कहा कि राज्य बहुत ही छोटा है और इसका तालिबानीकरण कर दिया गया है, सभी नेता अपने लोगों पर तानाशाही शासन कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा,“ लोगों को जिस तरह से अपनी आवाज उठानी चाहिए। ऐसा नहीं हो रहा है। लोकतंत्र का मतलब होता है कि स्वतंत्रता और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोेग करना जबकि ऐसा नहीं हो रहा है। लोग डरे हुए हैं, इसलिए वे बदलाव चाहते हैं।” श्री गोम्स ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा,“वे सैनिकों के बारे में बोलते हैं लेकिन वे नोटबंदी के बारे में कुछ नहीं बोलते हैं जिसके कारण कई लोग मारे गये। जीएसटी लागू हो चुका है, लेकिन वे दोबारा सरकार बनाने की बात कर रहे हैं।” कांग्रेस की आलोचना करते हुए आप नेता ने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में रही तो केवल कांग्रेस के पूर्ण समर्थन के कारण ही। जब भी सरकार खतरे में होती है, वे एक अन्य विधायक का प्रबंध कर देते हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही मिलकर सरकार चला रहे हैं।”

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App