चाह कर भी हिमाचल नहीं आ पाएंगे नड्डा

By: May 13th, 2019 12:02 am

शिमला -केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा इस बार के लोकसभा चुनाव में चाह कर भी हिमाचल में प्रचार नहीं कर पाएंगे। हालांकि उन्हें प्रदेश भाजपा ने स्टार प्रचार की सूची में शामिल भी किया है, लेकिन वह हिमाचल के दर्द को नहीं समझेंगे। वह चाहकर भी इस बार के चुनाव में हिमाचल में चुनाव प्रचार करने नहीं आएंगे। उन्होंने हिमाचल की जनता के लिए एक वीडियो संदेश भेजकर लोकतंत्र के इस पर्व में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील भी की है। बताया गया कि जगत प्रकाश की एक मोबाइल वैन जिला बिलासपुर में घूम रही है, जिसमें वह हिमाचल की जनता से भाजपा के पक्ष में वोट की अपील कर रहे हैं। भले ही वह हिमाचल से राज्यसभा के लिए सांसद हैं, लेकिन उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए कम से कम एक दिन का समय निकालना चाहिए था। हालांकि प्रचार के अंतिम चरण में उनके आने का प्रोग्राम बना था, लेकिन वह इन दिनों उत्तर प्रदेश में व्यस्त हैं। उत्तर प्रदेश में भी एक और चरण का चुनाव शेष है। वह सिर्फ 19 मई को बिलासपुर में मतदान करने आएंगे। जानकारी के मुताबिक जेपी नड्डा 17 मई को दिल्ली से बिलासपुर आएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App