पहले मोदी की लहर थी पर इस बार तो कहर है

By: May 18th, 2019 12:07 am

सीएम का कांग्रेस नेताओं पर हमला; जनता सब जानती है, वही जवाब देगी

 रानीताल, पाईसा, कांगड़ा, अर्की, भरमौर —कांग्रेस के नेता अब न्याय होने का नारा दे रहे हैं, लेकिन आजादी के बाद 50 वर्षों तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, तो क्या इतने वर्षों तक कांग्रेस देशवासियों से अन्याय करती रही। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष 15 मिनट मांग रहे हैं कि वह मोदी से बहस करना चाहते हैं, लेकिन क्या अपने परिवार के शासनकाल के बारे में भी वह जनता को कुछ बताएंगे।  यह शब्द मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को रानीताल के रसूह में जनसभा को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने परिवार के शासनकाल में देश की हुई दुर्दशा के बारे में जनता को बताएं। जनता सब जानती है और जवाब भी जनता ही देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में जब भाजपा जीती थी, तो कांग्रेसी कहते थे कि मोदी लहर थी, तो जीत गए। अब कांग्रेसी खुद मान रहे हैं कि तब तो लहर थी, लेकिन इस बार मोदी कहर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहली बार हो रहा है कि विपक्षी दलों की रैलियों में भी मोदी के नाम के नारे लग रहे हैं। जनता मोदी के अलावा कुछ भी सुनने को तैयार नहीं है। इस अवसर पर देहरा के विधायक होशियार सिंह, ज्वालामुखी के विधायक रमेश ध्वाला, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय चौधरी, मंडल भाजपा अध्यक्ष रमेश बराड़, उपाध्यक्ष नीतू दमीर, प्रदेश ओबीसी अध्यक्ष उत्तम चौधरी, उपाध्यक्ष चौधरी देवी लाल, वीरेंद्र चौधरी, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष कुलभाष चौधरी, पवना चौधरी, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, मनीष शर्मा, रतन जगदंबा, हिंदवीर कोहली, अबू सैणी, राजे स्याल, सुरेश छेछा, कुलदीप चौधरी, प्रिय देवरत, कुलदीप चौहान, रूप लाल, मीरा शर्मा, सलोचना देवी सहित अन्य इस दौरान उपस्थित रहे।

 काजल के साथ अन्याय किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता इस चुनाव से पीछे हट गए। ऐसे में पवन काजल को चुनाव मैदान में उतारकर उन्होंने काजल के साथ अन्याय किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि काजल जी आप चुनाव लडि़ए, लेकिन आपके साथ अच्छा नहीं हुआ। जब सामने दिख रहा है कि जीत किसकी होगी, सरकार किसकी बनेगी, तो ऐसे में सब पीछे हट गए और आपको आगे कर दिया।

सभी लोग मिलकर काम करें

मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू का भाजपा में आने पर स्वागत किया और कहा कि इससे भाजपा को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर काम करें, तो कोई ताकत नहीं है, जो कांगड़ा में भाजपा को पीछे धकेल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App