भाजपा में आने वालों की कतार

By: May 18th, 2019 12:05 am

शिमला—भारतीय जनता पार्टी की जीत को सुनिश्चित मान कर प्रदेश के कई दिग्गज कांग्रेसी नेताओं की भाजपा में शामिल होने की होड़ सी लग गई है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में अब तक तीन हजार के करीब कांग्रेसी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। शिमला से जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में भाजपा के वरिष्ठ नेता व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व वर्तमान प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव मनजीत ठाकुर ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मनजीत ठाकुर रोहडू के कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में से एक है। 2009 में जब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को टिकट नहीं मिला था तो मनजीत ठाकुर चुनाव लड़े थे और करीब 19 हजार वोट हासिल किये थे। मनजीत ठाकुर पूर्व में जिला परिषद के सदस्य व पंचायत समिति रोहडू के चेयरमेन रह चुके हैं।  भारद्वाज ने कहा कि भाजपा में शामिल होने की इस कड़ी में आज शिमला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय दीपकमल में कांग्रेस नेता सुरेश कुमार बर्वाल अपने 30 साथियों के साथ शामिल हो गए। सुरेश कुमार बर्वाल मंडी जिला की तहसील लड़भडोल के गांव घटोड़ के रहने वाले हैं और शिमला के वार्ड न0 2 रूल्दूभट्टा, कुफटाधार में पिछले कई वषों से कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनके साथ ज्योति, दयाराम, गीता बंसल, सचिन, जितेन्द्र, रमेश, टेक चंद, जय कृष्ण, रामानन्द, शशि, सुमित, रामलाल, श्रवण, सतीश, मनमोहन,  जुग्गल,  रामकुमार  स्वरूप, बालकृष्ण, जयसिंह, राजेन्द्र, कृष्ण गोपाल, राधा कृष्ण, खेम चंद, हेमराज, गोपाल, रमन, गीता राम, राजेश, सुनील और रमेश भी भाजपा में शामिल हुए।  भारद्वाज ने कहा कि युवाओं द्वारा प्रदेशस्तर पर बनाया गया एक संगठन भी अपने सभी पदाधिकारियों सहित भाजपा में शामिल हो गया। इस संगठन के पदाधिकारियों सोहन सिंह, सतीश कुमार, सोनू ठाकुर, गीता नन्द, मनमोहन शर्मा, रमेश ठाकुर, टेक चंद, विनोद शर्मा, किरण कुमार, अरूण कुमार और रविंदर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श मानते हुए भाजपा ज्वाईन की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App