समय पर मिले योजनाओं का लाभ

By: Jun 12th, 2019 12:02 am

शिमला में बोले, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन

शिमला -राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष मनहर वालजी भाई जाला ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सफाई कर्मचारियों के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के लाभ उन तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए। मनहर वालजी भाई जाला आज यहां सफाई कर्मचारियों के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के संबंध में हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। अध्यक्ष ने कहा कि भारत के संविधान में समाज के सभी वर्गों को समता का अधिकार प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की भलाई के लिए यह महत्वपूर्ण है कि उनके परिजनों को शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर प्राप्त हों। मनहर वालजी भाई जाला ने हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम प्रबंधन को निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों के लिए निगम द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं का उचित प्रचार-प्रसार सुनिश्चित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि 12 जून को टूटीकंडी बाईपास पर स्थित कार पार्किंग परिसर मंे एक वृहद जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। बैठक में निगम द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। अवगत करवाया गया कि वर्तमान में प्रदेश के सभी 54 शहरी स्थानीय निकायों में सफाई कर्मचारियों के 1365 पद  स्वीकृत हैं।

रिज पर जाला ने की सफाई

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष मनहर वालजी भाई ज़ाला ने इससे पूर्व ऐतिहासिक रिज मैदान एवं मालरोड पर महापौर कसुम सदरेट, उप महापौर राकेश शर्मा, नगर निगम आयुक्त पंकज राय एवं अन्य अधिकारियों सहित सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा स्वयं सफाई की। उन्होंने उसके बाद कृष्णानगर जाकर सफाई कर्मचारियों की समस्याएं जानीं।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App