जलाने लगा जून… नालागढ़ @ 46 डिग्री
नालागढ़ – ज्येष्ठ माह की गर्मी का थर्ड डिग्री टॉर्चर लगातार जारी है। सूर्यदेव का सितम लोगों पर कहर ढा रहा है और लोग भीषण गर्मी में झुलसने को बाध्य हो गए है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में बारिश होने की कोई संभावनाएं नहीं है, जिससे लोगों की दिक्कतों में गर्मी बढ़ने से इजाफा होगा। शुक्रवार को नालागढ़ उपमंडल में 46 डिग्री तक जा पहुंचा है, जिसके और बढ़ने की संभावनाएं है। जानकारी के अनुसार जून माह की गर्मी ने अब भीषण रूप धारण कर लिया है। जून माह में अब तक का यह सबसे अधिक तापमान है, जिससे लोग लू की थपेड़ों की चपेट में आकर झुलस रहे है। पिछले कई दिनों से बारिश न होने के चलते पारा दिन-प्रतिदिन चढ़ने लगा है और जनजीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। इतनी भीषण गर्मी में लोग लू के थपेड़ों से दो चार होने लगे है। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन क्षेत्र में सूर्यदेव आग बरसाने लगे हैं। दिन-प्रतिदिन गर्मी बढ़ती ही जा रही है और दिन चढ़ते ही सूर्यदेव भीषण गर्मी बरसाना शुरू कर देते हैं। सुबह सूर्य के निकलते ही ऐसा प्रतीत होता है कि दोपहर के 12 बज गए हो। धूप बढ़ने के साथ ऐसी तपिश महसूस होने लगती है। भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए शीतल पेय सहित गन्ने व नींबू पानी का सहारा लेने को विवश हो गए हैं। दिन के समय शहर की सड़कें सुनसान नजर आ रही है और भयंकर गर्मी से लोग तरह-तरह के विकल्प अपनाने को बाध्य हो गए हैं।