कोर्ट जाएंगे कर्मचारी
शिमला — नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए की जा रही वैकल्पिक व्यवस्था के विरोध में सैहब सोसायटी कर्मचारी न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। सैहब सोसायटी कर्मचारी संघ के प्रधान रंगीला राम ने कहा कि निगम में पहले से ही सैहब सोसायटी के तहत तैनात कर्मचारियों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। वर्षों तक सेवा देने के बाद भी उन्हें निगम में मर्ज नहीं किया जा रहा है, वहीं उनकी मांगों को भी पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारियों ने अपने हकों को लेकर आवाज बुलंद की तो उनकी मांगों को नजरअंदाज कर मनमाने तरीके से ठेके के माध्यम से 100 कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है, जो तर्क संगत नहीं है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन के इस फैसले के खिलाफ वे सोमवार को उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेंगे और ठेके के तहत होने वाली भर्ती पर रोक की गुहार लगाएंगे। उन्होंने कहा कि न्यायालय से मांग उठाई जाएगी, जब तक उनकी मांगों पर कोई फैसला नहीं हो जाता, तब तक उक्त भर्ती पर पूर्ण लगाई जाए। भर्ती कर्मियों के हित में नहीं है।