गर्मी ने निचोड़ा ऊना
ऊना — जिला ऊना में लगातार बढ़ रही गर्मी के साथ-साथ अब लू के थपेड़ों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश का सर्वाधिक गर्मी वाला जिला ऊना तंदूर की भट्ठी की तरह तपने लगा है। प्रचंड गर्मी के चलते रविवार को जिला ऊना का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 20 डिग्री तक पहुंच गया है। सूर्य देव के रौद्र रूप के चलते ऊना मुख्यालय में कर्फ्यू जैसी स्थिति पैदा हो गई है। सूर्य देव की प्रचंड गर्मी के चलते आसमान से आग बरस रही है, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गर्मी बढ़ने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा प्रभाव पड़ने लगा है। बाजारों में सन्नाटा छा गया है। दो पहिया वाहनों से गुजरने वाले लोग अपने आप को धूप व लू से बचाने के लिए कपड़ों से ढककर गुजर रहे हैं। इससे पहले शनिवार को ऊना का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।