भर्ती को बहाया पसीना
ऊना— जिला ऊना में पुलिस कांस्टेबल के 59 पदों के लिए जारी भर्ती प्रक्रिया के दूसरे दिन भर्ती स्थल पुलिस लाइन झलेड़ा में युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा। बुधवार को ऊना ब्लॉक के युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लेते हुए मैदान पर खूब पसीना बहाया। पुरुष पुलिस कांस्टेबल के पदों की भर्ती के लिए ऊना तहसील से 1610 युवाओं ने आवेदन किया था। जिसमें से 1318 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। 762 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को सफलता से पार करते हुए अगले राउंड के लिए क्वालीफाई किया। इससे पहले युवाओं ने ग्राउंड टेस्ट में भाग लेकर शारीरकि फिटनेस की परीक्षा दी। बुधवार को सुबह ही सैकड़ों युवा भर्ती स्थल पहुंच गए थे। अभ्यर्थियों की भारी तादाद को देखते हुए प्रक्रिया को सुबह जल्द शुरू किया गया। अभ्यर्थियों ने शारीरिक क्षमता के सभी टेस्टों से कड़ी दर कड़ी गुजरते हुए मैदानी टेस्ट पास किए। अभ्यर्थियों ने हाइट व चेस्ट के माप के बाद 1500 मीटर दौड़, हाई व लांग जंप सहित अन्य प्रक्रियाओं को पूरा किया। आईजी उत्तरी जोन एवं भर्ती समीति के चेयरमैन एपी सिद्धिकी की देख-रेख में पांच दिनों तक चलने वाली भर्ती प्रक्रिया में पुलिस के छह राजपत्रित अधिकारी व करीब 150 से अधिक जवान अपनी सेवाएं दे रहे हैं। तीन मेडिकल आफिसर सहित स्पोर्ट्स विभाग से खेल कोच अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ग्राउंड टेस्ट में पुरुष वर्ग के लिए 1500 मीटर दौड़, 4 मीटर लांग जंप तथा 1.4 मीटर हाई जंप क्वालिफाई कर शारीरिक फिटनेस का प्रमाण दिया। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भर्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जा रही है। अलग-अलग इवेंट में ग्राउंड टेस्ट के दौरान डीएसपी हैडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा, डीएसपी अंब जितेंद्र कुमार व डीएसपी हरोली अमित शर्मा भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।