हर चेहरे पर जुनून, सफाई करके लेंगे सुकून
सुजानपुर — परिवेश संरक्षण को अपना ध्येय मानते हुए प्रदेश का अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ स्वच्छता अभियान का संदेश लेकर शनिवार को सुजानपुर पहुंच गया। स्वच्छता को जीवन शैली बनाने की ‘दिव्य हिमाचल’ की अपील पर पूरा सुजानपुर इस महाअभियान का गवाह बना। सुजानपुर चौगान से शुरू हुई रैली पूरे बाजार से होते हुए फिर चौगान पर ही संपन्न हो गई। यहां पर स्वच्छता के संदेश को लेकर संबोधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें एसडीएम सुजानपुर बलवान चंद, विकास खंड अधिकारी सुरजीत सिंह, नगर परिषद इओ राजकृष्ण शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष मनोज ठाकुर व डीएवी आलमपुर के प्रधानचार्य विक्रम सिंह मौजूद रहे। जिला के इतिहास में सबसे अधिक भीड़ वाली इस रैली में सुजानपुर रैली में लोक निर्माण विभाग सुजानपुर, सिंचाई जनस्वास्थ्य विभाग सुजानपुर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, दुधार महिला मंडल बगेड़ा, दुर्गा महिला मंडल, भटपुरा महिला मंडल, झपटेहड़ा महिला मंडल, ज्वाला महिला मंडल, ब्रह्मपुरी महिला मंडल, सरस्वती महिला मंडल, पनाहू महिला मंडल, रामा महिला मंडल, पलाही समौना महिला मंडल, वार्ड पार्षद सहित पूरा सुजानपुर प्रशासन मौजूद रहा। रैली को हरी झंडी देकर 80 वर्षीय ब्यासां देवी ने रवाना किया, उनके साथ एसडीएम बलवान चंद, विकास खंड अधिकारी सुरजीत सिंह, ईओ राज कृष्ण शर्मा, कृषि अधिकारी तिलक कपूर, एसएचओ प्रकाश चंद शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताआें ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए खूब नारे लगाए तथा इस संदेश की और आगे पहुंचाने के लिए हाथ में कई तरह के नारों से लिखित पट्टिकाएं पकड़ी थीं। स्थानीय प्रशासन तथा व्यापार मंडल ने खुले दिल से सहयोग दिया।
साल में चार बार निकले स्वच्छता रैली
सुजानपुर — सुजानपुर में आयोजित स्वच्छता रैली के दौरान विकास खंड अधिकारी सुरजीत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि ‘दिव्य हिमाचल’ की इस मुहिम को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। स्वच्छता को कर्त्तव्य व हर दिनकी गतिविधि में शामिल करना होगा, जब तक स्वच्छता की आदत हमें नहीं पड़ जाती, तब तक यह अभियान पूर्ण रूप से सफल नहीं हो सकेगा। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाकर खुले में फेंकी जा रही गंदगी के प्रति लोगों को जागरूक करना होगा। इसमें भावी पीढ़ी की अहम भूमिका है। उन्होंने मीडिया ग्रुप से आग्रह किया है कि इस तरह की रैलियों का आयोजन वर्ष भर में एक बार नहीं अपितु हर छह माह या वर्ष में चार बार करवाते रहें।
परिजनों से करें सफाई की बात
सुजानपुर — ऐतिहासिक रैली का हिस्सा बने सभी वर्गों ने स्वच्छता को जीवन शैली बनाने का संकल्प लिया। रैली को संबोधित करते हुए ‘दिव्य हिमाचल’ जिला हमीरपुर ब्यूरो प्रभारी मस्तराम डलैल ने कहा कि स्वच्छता अभियान अब हिमाचल में जन आंदोलन बन रहा है। प्रशासन, एनजीओ, धार्मिक व शिक्षण संस्थान इस मुहिम में ‘दिव्य हिमाचल’ का मार्गदर्शन कर रहे हैं। ब्यूरो प्रभारी ने सुजानपुर की सफल रैली पर सभी स्कूलों के पक्ष में छात्रों के साथ मिलकर नारे लगाए। उन्होंने रैली के दौरान सभी विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने सभी बच्चों से अपील की कि स्वच्छता के इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाएं। जहां भी परिजनों के साथ किसी बात पर चर्चा हो, तो उसमें स्वच्छता को जरूर शामिल करें।
महिलाओं ने निभाई अहम भागीदारी
महिला मंडल जंगल खास का विशेष योगदान रहा। मंडल की प्रधान सुदर्शना नाग अपने अन्य तमाम सदस्यों सहित इस रैली में शामिल हुईं तथा उन्होंने इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।
मुहिम से जुड़ा शिशु निकेतन स्कूल
अभियान के साथ जुड़ने वालों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रैली के उपरांत शिशु निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुजानपुर भी इस महाअभियान में शामिल हो गया। स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा रांगड़ा ने ‘दिव्य हिमाचल’ के इस अभियान की खूब सराहना की।
रैली में इन्होंने दिया योगदान
सुजानपुर रैली में डीएवी स्कूल आलमपुर प्राचार्य विक्रम सिंह, महराजा संसार चंद स्कूल निदेशक नसीम राजा, सरकारी आईटीआई उपप्राचार्य एसके कालिया, सरकारी विद्यालय सुजानपुर कार्यकारी प्राचार्य मंजरी महाजन, हैडमास्टर कन्या स्कूल सुजानपुर, हिमाचल पब्लिक स्कूल सुजानपुर प्राचार्य, शिशु निकेतन स्कूल प्राचार्य सहित लोक निर्माण विभाग सुजानपुर, सिंचाई जनस्वास्थ्य विभाग सुजानपुर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित उपमंडल अधिकारी बलवन चंद, खंड विकास अधिकारी सुरजीत सिंह, इओ राजकृष्ण शर्मा, अध्यक्ष नगर परिषद मनोज ठाकुर, थाना प्रभारी सुजानपुर प्रकाश शर्मा, संघर्ष समिति अध्यक्ष अंकुश गुप्ता, प्रधान रेहड़ी-फड़ी यूनियन प्रधान अशोक मेहरा, टैक्सी यूनियन प्रधान अनुराग वालिया सहित दुधार महिला मंडल बगेड़ा, दुर्गा महिला मंडल, भटपुरा महिला मंडल, झपटेहड़ा महिला मंडल, ज्वाला महिला मंडल, ब्रह्मपुरी महिला मंडल, सरस्वती महिला मंडल, पनाहू महिला मंडल, रामा महिला मंडल, पलाही समौना महिला मंडल, वार्ड पार्षद सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कृषि विभाग ने रखा डस्टबिन
रैली में पहुंचे समस्त अधिकारी भी चौगान की सफाई में जुट गए। समस्त अधिकारियों ने गंदगी को हाथों से उठाकर कूड़ेदान में भरा। वहीं कृषि विभाग ने चौगान के भीतर एक कूड़ेदान भी स्थापित कर दिया, ताकि चौगान में आने वाले लोग किसी भी कागज या अन्य वेस्ट को खुले में न फेंककर इस डस्टबिन में फेंक दें।
सुजानपुर — रैली को संबोधित करते हुए एसडीएम बलवान चंद मंडोत्रा ने कहा कि देश निरंतर उन्नति के पथ पर है, लेकिन स्वच्छता में हम बुरी तरह पिछड़ रहे हैं। विदेशों में स्वच्छता को लेकर हर नागरिक अनुशासित है। इसके विपरीत हम स्वच्छता को अपने घर तथा संस्थान तक सीमित कर देते हैं। उन्होंने स्वच्छता का संदेश देने के लिए ‘दिव्य हिमाचल’ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र इस तरह के सामाजिक कार्यों से जुड़कर हम सबके लिए मिसाल बन गया है। लिहाजा ‘दिव्य हिमाचल’ की इस मुहिम में सभी वर्गों को आगे भी पूरा सहयोग करना चाहिए। उनका कहना था कि स्वच्छता ही हर बीमारी का उपचार है। इसे अपनाकर हम अपने आप के साथ-साथ एक स्वच्छ समाज बनाएंगे। इसमें हर व्यक्ति को अपनी सहभागिता निभानी होगी। इस सहभागिता को तोड़ने का प्रयास किया गया, तो उसके खिलाफ प्रशासनिक तौर पर भी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने मंच से ऐलान किया कि बीमारी का पैदा होना गंदगी का प्रमाण है। आम तौर पर लेग अपने घरों की गंदगी को खुले में फेंक देते हैं। घर तो साफ-सुथरा हो गया, लेकिन शहर गंदा हो गया। मन में एक ऐसा संकल्प लेकर उस लौ को जगाना होगा, जिसमें व्यक्ति अपने कर्त्तव्य को समझे। घर के साथ-साथ शहर व गांव भी व्यक्ति का है। गंदगी व गंदे पानी को खुले में सड़क पर फेंकने से कोई बहादुरी नहीं बल्कि खुद के साथ-साथ समाज को भी गंदगी में धकेला जा रहा है। ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।