नोटबंदी-बढ़ती महंगाई पर लोग जगाए

By: Jan 5th, 2017 12:05 am

भावानगर— प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का झंडा एक बार फिर से लहराने के लिए किन्नौर युकां ने कमर कस ली है। युवा कांग्रेस आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जिला युकां ने बुधवार को भावावैली के कटगांव में नोटबंदी और देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ  लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर किन्नौर युवा कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट प्रताप नेगी ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत युकां जिला के हर मतदाता तक पहंचेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट में गलत हलफनामा देकर प्रदेश की छवि खराब की है व अनुराग ठाकुर को नैतिकता के आधार पर सांसद पद से भी तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नोटबंटी कर आम जनता को परेशानी में डाल रखा है। देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम काफी कम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान-बागबानों के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं कर पा रहे हैं। नववर्ष पर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा कर केंद्र सरकार ने देश के लोगों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार एक बार फिर सत्ता में काबिज होगी। युवा कांग्रेस भाजपा का सुपड़ा साफ करने लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि किन्नौर से जगत सिंह नेगी को एक बार फिर रिकार्ड मतों से विजयी बनाया जाएगा। किन्नौर जिला में विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी द्वारा विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। उनके अथक प्रयास से जिला के अनेक गांव सड़क सुविधा से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि किन्नौर के हजारों लोगों के वर्षों से लंबित नौतोड़ के केसों को स्वीकृति मिल गई है। इन सभी लोगों को नौतोड़ भूमि के पट्टे दिलाकर नौतोड़ भूमि पर मालिकाना हक दिलाने की प्रक्रिया तेजी से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस शासित प्रदेश के नेताओं को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश में सरकार अगली सरकार भी कांग्रेस की बनेगी और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सातवीं बार मुख्यमंत्री बनेंगे। इस मौके पर कुलवंत नेगी, प्रशांत नेगी, भरत लाल सहित कई लोग मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App