बचकानी हरकतें करना छोड़ें सुक्खू
भवारना, सुलाह – मुख्यमंत्री बनने के लिए मेहनत करनी पड़ती है और किसी के नाम के साथ सीएम लगाने से कोई सीएम नहीं बन जाता। इसके लिए कई किरदार निभाने पड़ते हैं। यह बात मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने धीरा में पत्रकारों द्वारा पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू के बयान पर पूछे गए सवाल पर कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष अगर बचकानी हरकतें कर रहे हैं तो वह बचपना छोड़ अपने पद की गरिमा समझें और उसे निभाएं। उन्होंने कहा कि राजनीति कोई बचपना नहीं है। किसी भी पदाधिकारी, प्रदेशाध्यक्ष या मंत्री को अपने पद की गरिमा बनाकर ही कोई बात कहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन में जिसे जो जिम्मेदारी सौंपी जाती है, उसे बखूबी निभाना उसका दायित्व होता है। प्रदेश में संगठन और सरकार में कोई तकरार नहीं है। केवल कुछ लोग बचकानी हरकतें कर रहे हैं। मेरी ऐसे लोगों को सलाह है कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र का ख्याल रखें। उन्होंने कहा कि भोरंज उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। बेशक पंजाब में चुनाव नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आएं फिर भी प्रदेश में समय से पहले चुनाव नहीं करवाए जाएंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह भी कहा कि प्रदेश में अब कोई भी नए सीपीएस बनाने की जरूरत नहीं है और न ही नए जिले बनाने की जरूरत है, जितना पैसा जिलों के गठन के लिए खर्च होगा, उतना पैसा लोगों के विकास में खर्च किया जाए तो उसका कइयों को लाभ मिल सकता है। ऐसे में सरकार प्रदेश के विकास के लिए नए जिले बनाने के पक्ष में नहीं है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App