वीरभद्र सिंह मंडी को भी बना सकते हैं राजधानी
धर्मशाला— त्रिदेव सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, वह खुद की पैरवी करने में लगे हुए हैं, ऐसे में जनता की पैरवी कौन करेगा। शांता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार और घोषणाएं करने का रिकार्ड बना दिया है। मुख्यमंत्री ने धर्मशाला को राजधानी बनाने की घोषणा कर दी है, लेकिन यह कब राजधानी बनेगी इस पर संशय है। विकास का भाजपा स्वागत करती है। लेकिन महज घोषणाएं करके विकास के नाम पर मजाक सहन नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि धर्मशाला को स्मार्ट सिटी का दर्जा देकर केंद्र ने साढ़े तीन सौ करोड़ दिए, पर प्रदेश सरकार 20 लाख नहीं दे पा रही है। शांता ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह से घोषणाएं कर रहे हैं, वह हैरान करने वाली है। जिस तरह धर्मशाला को राजधानी घोषित किया है उसी तरह वह कल को मंडी को भी प्रदेश की तीसरी राजधानी बनाने की घोषणा भी कर सकते हैं। ऐसा संभव है क्योंकि घोषणा ही तो करनी है तो उसमें क्या जाता है। शांता ने चंबा में सीमेंट उद्योग लगाने की मांग वित्त मंत्री अरुण जेटली से की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App