संपर्क मार्ग बंद मुश्किल में लोग

By: Jan 18th, 2017 12:05 am

रिकांगपिओ – भारी बर्फबारी के दो दिन बाद भी जनजातीय जिला किन्नौर के अधिकांश संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं। बर्फबारी के दूसरे दिन भी कल्पा, रोधी, पांगी, आसरंग, हांगो, नामज्ञा, रिब्बा, ठंगी, रिस्पा, बारंग, पूर्वनी, सांगला, छितकुल, चांसू आदि संपर्क मार्गों पर बसें नहीं चल पा रही हैं, जबकि जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से शिमला के लिए बसे सहित छोट बड़े वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही है। इसी तरह किन्नौर के ऊपरी क्षेत्र को जाने वाले बसें खारो व स्कीबा के बीच अवरुद्ध होने के कारण ऊपरी क्षेत्रों में नहीं जा पा रही हैं। बस सेवा प्रभावित होने से हिमाचल पथ परिवहन निगम की रिकांगपिओ रिजन को रोजाना करीब चार लाख का चूना भी लग रहा है। इसी तरह कई ग्रामीण इलाकों में बिजली की आंखमिचौनी भी जारी है। जिला किन्नौर में तापमान में भारी कमी दर्ज होने से रिकांगपिओ साहित कई क्षेत्रों में पेयजल लाइनों के जमने से लोगों को पेयजल के लिए भी खासी असुविधाएं उठानी पड़ रही हैं। बताया जाता है कि पर्यटन स्थल कल्पा का न्यूनतम तापमान माइनस तीन डिग्री दर्ज किया गया। इसी प्रकार पर्यटन स्थल छितकुल का न्यूनतम तापमान  माइनस सात डिग्री तथा सांगला का न्यूनतम तापमान माइनस तीन डिग्री तक पंहुच गया है। दो दिन पूर्व जिला में हुए बर्फबारी के बाद आज भी छितकुल में करीब दो फीट बर्फ, रकच्छम में दो फीट, भावा वैली में भी दो फीट, सांगला व कल्पा में भी डेढ़-डेढ़ फीट तथा रोपा वैली में भी करीब छह इंच दर्ज हुई है। इन क्षेत्रांे में बर्फबारी अभी भी लोगों के लिए आफत बनी हुई है।

रिकांगपिओ डिपो को चार लाख का नुकसान

रिकांगपिओ डिपो आरएम देविंद्र सिंह नेगी ने बताया कि किन्नौर जिला में हुई बर्फबारी से जिला के सभी संर्पक मार्गों पर एचआरटीसी की बस सेवा बंद है। निगम की एक बस रारंग में फसी हुई है। बर्फबारी के कारण संर्पक मार्ग अवरुद्ध होने से एचआरटीसी रिकांगपिओ रिजन को प्रति दिन करीब चार लाख का नुकसान हो रहा है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App