स्वतंत्रता सेनानी पंचतत्त्व में विलीन
जौंटा के कैप्टल बलदेव आजाद हिंद फौज में दे चुके थे सेवाएं
नूरपुर, जसूर — नूरपुर हलके के तहत पड़ते क्षेत्र के गांव जौंटा स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन बलदेव सिंह पठानिया (95) का रविवार सायं उनके पैतृक गांव जौंटा में निधन हो गया। कैप्टन बलदेव सिंह पठानिया पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन बलदेव सिंह पठानिया के पुत्र रतन सिंह पठानिया ने बताया कि उनके पिता 1944 में कैप्टन के रूप में नेता जी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज में शामिल हुए थे। कैप्टन बलदेव सिंह पठानिया स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सुभाष चंद्र बोस के साथ पांच साल तक जेल में भी रहे। आजादी के बाद सरकार ने कैप्टन बलदेव सिंह पठानिया को स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा दिया। उन्हें ताम्र पत्र से सम्मानित किया गया। सोमवार को कैप्टन बलदेव सिंह का जौंटा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। भारी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उन्हें नम आंखों से अतिम विदाई दी। नूरपुर पुलिस ने कैप्टन बलदेव सिंह पठानिया को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पूर्व विधायक राकेश पठानिया, डीएसपी नवदीप सिंह, तहसीलदार मनफूल सिंह, पंचायत समिति के चेयरमैन संदेश डढवाल व थाना प्रभारी जीएस ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग कैप्टन बलदेव सिंह पठानिया के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App