अनुराग का पुतला जलाना खेल के प्रति दुर्भावना

बिलासपुर —  भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व डिजिटल पैसा अभियान के प्रदेश संयोजक देवेश चंदेल ने कहा कि जो लोग अनुराग ठाकुर के पुतले जला रहे हैं, उन्हें पहले विक्रमादित्य से पूछना चाहिए क्या कांग्रेस पार्टी या विक्रमादित्य ने हिमाचल में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए एक ईंट भी कहीं लगाई है। उन्होंने कहा कि अनुराग का पुतला जलाने से उन लोगों की खेल के प्रति दुर्भावना दर्शाती है। जहां तक बीसीसीआई में सुधारों की बात है, तो अनुराग ठाकुर के समय बीसीसीआई में सबसे ज्यादा सुधार हुए। अनुराग ने न केवल भारतीय टीम बल्कि भारत-ए टीम पर भी अधिक ध्यान दिया है। अनुराग के समय महिला क्रिकेट पर बीसीसीआई ने ध्यान दिया। बीसीसीआई में सुधारों को लेकर अनुराग ठाकुर ने एडवाइजरी समिति बनाई, जिसमें सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण व सौरव गांगुली जैसे महत्त्वपूर्ण खिलाडि़यों को जिम्मा दिया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग अनुराग का हिमाचल में क्रिकेट के योगदान को कभी भूल नहीं सकते। श्री देवेश ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को अनुराग का पुतला जलाने की जगह अनुराग ठाकुर का धन्यवाद करना चाहिए कि उन्होंने हिमाचल को बेहतरीन तोहफा दिया और एक ऐसा मैदान दिया, जिसमें कांग्रेस के लोगों के बच्चे क्रिकेट सीखते हैं व अंतरराष्ट्रीय मैच देखने जाते हैं।