अमरीका का राष्ट्रीय और भारत का धार्मिक पक्षी है गरुड़

पक्षियों में गरुड़ बेहद शानदार शिकारी पक्षी है। इसका कोई प्राकृतिक दुश्मन नहीं है इसलिए इसे पक्षियों का शेर भी कहा जाता है। गरुड़ बहुत फुर्तीले और तेज उड़ान भरने वाले पक्षी होते हैं। यह अमरीका का राष्ट्रीय पक्षी है। गरुड़ जमीन पर तभी उतरता है जब उसे कोई शिकार पकड़ना होता है। इनका निवास पहाड़ों की चोटियों या ऊंचे पेड़ों की टहनियों पर होता है। गरुड़ों का मुख्य भोजन छोटे पक्षी, सांप, गिरगिट, मेंढक, चूहे आदि हैं। इनमें सबसे प्रसिद्ध उकाब प्रजाति का गरुड़ है। इसके हैरतअंगेज कारनामों की चर्चा अकसर होती रहती है। कहते हैं कि मौका पाकर गरुड़ मनुष्य के छोटे बच्चों को भी उठाकर ले जाते हैं। बंदर का बच्चा इनका प्रिय भोजन है। भारत में गरुड़ की पूजा की जाती है। इसे भगवान विष्णु का वाहन माना जाता है। तमिलनाडु में चेन्नई से 60 किलोमीटर दूर एक तीर्थस्थल है, जिसे पक्षी तीर्थ कहा जाता है। यह तीर्थस्थल वेदगिरि पर्वत के ऊपर है।