आज से फिर बिगड़ेगा मौसम

By: Jan 24th, 2017 12:02 am

जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी होने के आसार, तापमान में गिरावट

श्रीनगर —  कश्मीर में मंगलवार से अगले 48 घंटों के दौरान हल्की से भारी हिमपात होने का अनुमान है। यहां रात के तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन बर्फीली हवाओं के साथ बादल छाए रहने से ठंड और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात होने का अनुमान है। हालांकि प्रवक्ता ने कहा कि घाटी में मौसम की मार जारी रहेगी। आगामी 48 घंटों के दौरान मध्यम से भारी हिमपात होने का अनुमान है। लद्दाख के लेह में सोमवार को न्यूनतम तापमान रविवार के शून्य से नीचे 8.6 डिग्री के मुकाबले सोमवार को शून्य से नीचे 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सबसे अधिक ठंड रही। लेह में हल्की बर्फबारी होने पर यहां सोमवार का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः एक डिग्री सेल्सियस और शून्य से नीचे 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में रात के तापमान में तीन डिग्री की गिरावट होने के बाद सबसे अधिक ठंड दर्ज की गई। गुलमर्ग विश्व के सभी स्कीयर, पर्यटकों और रोमांच प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। श्रीनगर में लोगों को सुबह उठते ही ठंडी हवाओं और बादलों के छाए रहने से सर्द सुबह से दो-चार होना पड़ा। यहां रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर में बारिश और हिमपात होने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान पांच डिग्री और न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहने को अनुमान है। जम्मू से श्रीनगर के 300 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को शुष्क मौसम होने के कारण काजीगुंड गेट-वे से कश्मीर से यातायात के लिए एक ओर से खोल दिया गया है। पहलगाम में रात के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। कुपवाडा के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App